भास्कर न्यूज | लुधियाना शहर में 24 घंटे जल सप्लाई योजना के तहत सड़कों की खुदाई का काम पूरी तरह से बेतरतीब तरीके से किया जा रहा है। इसका सीधा असर पहले से बिछी पेयजल और सीवरेज लाइनों पर पड़ने लगा है। कई इलाकों में खुदाई के दौरान पुरानी पाइप लाइनों के टूटने की घटनाएं सामने आई हैं, जिससे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। हैरानी की बात यह है कि जिन निजी कंपनियों को नगर निगम के अधीन बनी लुधियाना अर्बन वाटर एंड वेस्ट वाटर मैनेजमेंट लिमिटेड ने इस महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट के तहत पाइपलाइन बिछाने की जिम्मेदारी सौंपी है, वे लुधियाना अर्बन वाटर एंड वेस्ट वाटर मैनेजमेंट लिमिटेड अधिकारियों की निगरानी के बिना ही अपनी मर्जी से सड़कें उखाड़ रही हैं। किचलू नगर इलाके में सामने आया ताजा मामला इस पूरे सिस्टम की पोल खोल रहा है। मंगलवार सुबह यहां मुख्य सड़क पर अचानक खुदाई का काम शुरू कर दिया गया। खुदाई के दौरान इलाके की मेन पेयजल सप्लाई लाइन टूट गई, साथ ही सीवरेज लाइन भी क्षतिग्रस्त हो गई। नतीजतन, सीवरेज का गंदा पानी पेयजल लाइन में मिक्स होकर लोगों के घरों तक पहुंचने लगा। इससे इलाके में स्वास्थ्य संकट जैसी स्थिति बन गई। सबसे गंभीर बात यह रही कि किचलू नगर की पार्षद सन्नी भल्ला को इस बात की कोई सूचना तक नहीं दी गई कि उनके वार्ड में 24×7 जल सप्लाई की लाइनें डाली जा रही हैं। पार्षद ने इसे निगम की बड़ी प्रशासनिक चूक बताया है। उन्होंने नगर निगम कमिश्नर से मांग की है कि करीब 3200 करोड़ रुपये के इस बड़े प्रोजेक्ट को हासिल करने में काफी मेहनत लगी है, ऐसे में लुधियाना अर्बन वाटर एंड वेस्ट वाटर मैनेजमेंट लिमिटेड अधिकारियों की लापरवाही के चलते इसे बदनाम न होने दिया जाए। पार्षद सन्नी भल्ला ने स्पष्ट किया कि यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि जिस भी इलाके में काम शुरू किया जाए, वहां के पार्षद को पहले से सूचना दी जाए और खुदाई के समय निगम का जिम्मेदार अधिकारी या लुधियाना अर्बन वाटर एंड वेस्ट वाटर मैनेजमेंट लिमिटेड का जिम्मेदार अधिकारी मौके पर मौजूद रहे। यदि ऐसा नहीं हुआ तो ठेकेदार मनमाने ढंग से खुदाई कर शहर की बुनियादी सुविधाओं को नुकसान पहुंचाते रहेंगे। उन्होंने यह भी ध्यान दिलाया कि फिलहाल हॉट मिक्स प्लांट बंद है और मार्च के बाद ही सड़कों का पुनर्निर्माण संभव हो पाएगा। ऐसे में मौजूदा मौसम को देखते हुए खुदाई के काम को चरणबद्ध और योजनाबद्ध तरीके से कराया जाना चाहिए। पार्षद ने निगम कमिश्नर से अपील की है कि मामले में तुरंत संज्ञान लेते हुए लुधियाना अर्बन वाटर एंड वेस्ट वाटर मैनेजमेंट लिमिटेड के अधिकारियों को फील्ड में उतरने के निर्देश दिए जाएं।


