भास्कर न्यूज | लुधियाना शिक्षा के क्षेत्र में कार्यरत नोबल फाउंडेशन संस्था ने मंगलवार को बिहारी कॉलोनी स्थित संस्था की ब्रांच में एसबीआई कार्ड, वर्ल्ड कैंसर केयर चैरिटेबल सोसायटी और नोबल फाउंडेशन के संयुक्त सहयोग से निशुल्क कैंसर और नेत्र जांच शिविर का आयोजन किया। इस शिविर में विशेषज्ञ डॉक्टरों की देखरेख में कुल 529 जरूरतमंद मरीजों का चेकअप कर उन्हें मुफ्त दवाइयां और ऐनकें प्रदान की गईं। शिविर का शुभारंभ मुख्यातिथि मनोज कुमार एडिशनल डायरेक्टर जनरल डीजीजीआई लुधियाना ने किया। उन्होंने संस्था के विद्यार्थियों के की सराहना करते हुए कहा कि वर्तमान समय में जिस तरह खान-पान का स्तर गिर रहा है उसे देखते हुए, ऐसे स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन बेहद अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि सेहत मनुष्य की सबसे बड़ी पूंजी है और नोबल फाउंडेशन जिस तरह शिक्षा के साथ स्वास्थ्य के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभा रहा है वह समाज के लिए प्रेरणादायक है। चिकित्सा शिविर की अध्यक्षता हिंदुस्तान टायर्स लिमिटेड के एमडी विजय मैनी ने की। शिविर के दौरान वर्ल्ड कैंसर केयर चैरिटेबल सोसायटी की टीम ने अत्याधुनिक मशीनों के माध्यम से महिलाओं में छाती और बच्चेदानी के कैंसर, पुरुषों में गूर्दों के कैंसर, ब्लड कैंसर, मुंह के कैंसर के साथ-साथ हड्डियों, शुगर और ब्लड प्रेशर की गहन जांच की। आंखों और दांतों के मरीजों का भी विशेषज्ञों द्वारा चेकअप किया गया। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रवीण चड्ढा एमडी एक्सीलेंट फोर्ज लिमिटेड, मंजू ओसवाल चेयरपर्सन जीतो, आरती जैन डायरेक्टर कंगारू ग्रुप, बलविंदर सिंह पम्पल और विक्रम व्यास मौजूद रहे । डॉ. धर्मेंद्र ढिल्लों और डॉ. जसप्रीत सहित डॉक्टरों की पूरी टीम और संस्था की अध्यापिकाओं ने शिविर को सफल बनाने में अपना पूर्ण सहयोग दिया। अंत में फाउंडेशन के संस्थापक राजेंद्र शर्मा ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया।


