नितिन बने राष्ट्रीय अध्यक्ष, भाजपा कार्यालय के बाहर मना जश्न

सिटी रिपोर्टर| बिलासपुर प्रदेश प्रभारी रहे नितिन नबीन के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने पर जिलेभर में भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल देखने को मिला। भाजपा जिलाध्यक्ष सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने मिठाइयां बांटकर और एक-दूसरे को खिलाकर खुशी का इजहार किया। ढोल-बाजे, गाजे और भाजपा का झंडा लेकर कार्यकर्ता भाजपा कार्यालय के बाहर नारेबाजी करते नजर आए। बता दें कि नितिन नबीन हाल ही में हुए बिहार विधानसभा चुनाव में भारी बहुमत से विजयी हुए हैं। वे इससे पूर्व छत्तीसगढ़ के प्रभारी संगठन मंत्री के रूप में भी अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा चुके हैं। लंबे समय तक उन्हें छत्तीसगढ़ का संगठनात्मक दायित्व मिला रहा, जिसके चलते उनका बिलासपुर सहित विभिन्न जिलों में निरंतर आना-जाना रहा। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष दीपक सिंह ठाकुर, नगर निगम सभापति विनोद सोनी, अजीत भोगल, केके शर्मा, दुर्गेश पांडेय, हरि गुरंग, अशोक मिथुन, राहुल सिंह, अनिल चौहान आदि मौजूद रहे। छत्तीसगढ़ प्रदेश के प्रभारी रहे नितिन नबीन के भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने पर शहर विधायक अमर अग्रवाल ने कहा कि भाजपा को युवा, ऊर्जावान और एक सशक्त नेतृत्व मिला है। विधायक अग्रवाल ने कहा कि नबीन एक अनुभवी, कर्मठ और जमीनी स्तर से जुड़े हुए नेता हैं। उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन में संगठन को सशक्त बनाने के लिए निरंतर कार्य किया है। बिहार की राजनीति में उनका योगदान उल्लेखनीय रहा है और उन्होंने सदैव पार्टी की विचारधारा को मजबूती के साथ आगे बढ़ाया है। दक्षिण मंडल में बंटी मिठाइयां: भाजपा दक्षिण मंडल द्वारा लखीराम ऑडिटोरियम के सामने कार्यकर्ताओं ने खुशियां मनाईं। इस अवसर पर जिले के उपाध्यक्ष अजीत सिंह भोगल और मंडल अध्यक्ष शैलेंद्र यादव की उपस्थिति में आतिशबाजी की गई और लड्डू बांटे गए।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *