भास्कर न्यूज | कोडरमा राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत परियोजना बालिका +2 उच्च विद्यालय, कोडरमा में मंगलवार को जन जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को तंबाकू, गुटखा, सिगरेट सहित अन्य नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले गंभीर स्वास्थ्य नुकसान के बारे में विस्तार से बताया गया। साथ ही क्षय रोग (टीबी) के कारण, लक्षण और बचाव की जानकारी भी दी गई। जागरूकता बढ़ाने के लिए स्लोगन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें बेहतर प्रदर्शन करने वाली तीन छात्राओं को पुरस्कार दिए गए, जबकि अन्य प्रतिभागियों को सांत्वना पुरस्कार देकर प्रोत्साहित किया गया। जिला परामर्शी दीपेश कुमार ने कहा कि तंबाकू का सेवन केवल स्वास्थ्य ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार की आर्थिक स्थिति पर भी नकारात्मक प्रभाव डालता है। उन्होंने बताया कि तंबाकू सेवन से कैंसर, हृदय रोग, श्वसन संबंधी बीमारियां, बांझपन, नपुंसकता, मोतियाबिंद, गैंग्रीन और अल्सर जैसी गंभीर बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी अभिषेक आनंद ने जानकारी देते हुए कम नमक, कम चीनी और कम तेल वाले संतुलित भोजन को अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वस्थ भोजन और नशा मुक्त जीवन से ही स्वस्थ समाज का निर्माण संभव है। कार्यक्रम में यह भी जानकारी दी गई कि तंबाकू की लत से परेशान लोग सदर अस्पताल, कोडरमा में संचालित तंबाकू नशा मुक्ति केंद्र से परामर्श और उपचार प्राप्त कर सकते हैं। इसके अलावा कोटपा अधिनियम 2021 के तहत शिक्षण संस्थानों, स्वास्थ्य संस्थानों, सार्वजनिक कार्यालयों और न्यायालय परिसर के 100 मीटर के दायरे में तंबाकू उत्पादों की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध है, जिसका उल्लंघन करने पर जुर्माने का प्रावधान है। कार्यक्रम के अंत में सभी छात्राओं ने तंबाकू मुक्त समाज, समृद्ध झारखंड और स्वस्थ भारत के निर्माण की शपथ ली।


