उज्जैन से घट्टिया तक बाइक से छोड़ने का झांसा देकर एक महिला के साथ दुष्कर्म किए जाने का मामला सामने आया है। घटना घट्टिया थाना क्षेत्र के ग्राम ढाबला रेहवारी के समीप साहेबखेड़ी तालाब के पास की बताई जा रही है। महिला की चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आरोपी को पकड़ लिया। पहले महिला ने आरोपी की चप्पल से पिटाई की और बाद में ग्रामीणों ने पीटा। घटना का वीडियो सामने आया है। पुलिस के अनुसार छोटी मायापुरी उज्जैन निवासी महिला अपने नाती से मिलने के लिए उज्जैन-आगर रोड स्थित पानबिहार छात्रावास जा रही थी। इसी दौरान घट्टिया निवासी मोहम्मद शफी उर्फ शेफू मंसूरी (45) बाइक से वहां पहुंचा और महिला से घट्टिया जाने का रास्ता पूछा। बातचीत के दौरान उसने महिला को पानबिहार छोड़ने की बात कही और बहला-फुसलाकर बाइक पर बैठा लिया। ग्रामीणों ने महिला को आरोपियों से छुड़ाया आरोप है कि आरोपी महिला को पानबिहार ले जाने के बजाय ग्राम ढाबला रेहवारी के पास साहेबखेड़ी तालाब किनारे ले गया, जहां उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया। महिला के शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और महिला को आरोपी के चंगुल से छुड़ाया। इसके बाद घट्टिया थाना पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। इस दौरान आरोपी भागने का प्रयास कर रहा था, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर उसे हिरासत में ले लिया और थाने ले गई। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों और महिला द्वारा आरोपी की पिटाई की गई। बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने किया प्रदर्शन इधर, मामले की जानकारी मिलने पर बजरंग दल सहित कुछ संगठनों के कार्यकर्ता थाने पहुंचे और आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर थाने का घेराव करते हुए प्रदर्शन किया। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने अतिरिक्त बल तैनात किया। एससी-एसटी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज घट्टिया थाना पुलिस ने आरोपी मोहम्मद शफी के खिलाफ अनुसूचित जाति एवं जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम, भारतीय न्याय संहिता की धारा 64(1), 351(3) सहित अन्य संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और आरोपी से पूछताछ जारी है।


