शिवपुरी जिले के कोलारस कस्बे में स्कूली छात्राओं को प्रतिबंधित पोटाश गन से डराने वाले युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ शांति भंग की धाराओं में मामला दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया है। यह कार्रवाई घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद की गई। जानकारी के अनुसार, यह घटना पुराने थाने के पास स्थित कन्या विद्यालय की छुट्टी के बाद हुई। छात्राएं जब स्कूल से घर लौट रही थीं, तभी धर्मशाला हनुमान मंदिर के सामने एप्रोच रोड पर एक युवक ने उनके पास पोटाश गन फोड़कर उन्हें डराया। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने की कार्रवाई
घटना का किसी व्यक्ति ने वीडियो बना लिया, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। वायरल वीडियो में युवक हाथ में पोटाश गन लेकर छात्राओं के पास उसे फोड़ते हुए साफ नजर आ रहा है, जिससे छात्राएं घबरा जाती हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी टीआई गब्बर सिंह गुर्जर ने तत्काल संज्ञान लिया। पुलिस ने आरोपी की पहचान अमरजीत कुशवाह के रूप में की और उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को एसडीएम न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट कहा है कि छात्राओं की सुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी भी तरह की लापरवाही या शरारत बर्दाश्त नहीं की जाएगी, और इस तरह की घटनाओं पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।


