1 बोरी धान में 10 किलो मिट्टी-कंकड़ मिलाते पकड़ाए प्रभारी:सक्ती के धान खरीदी केंद्र में गड़बड़ी; 8 हजार बोरा धान गायब मिला

छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में धान में मिट्टी और कंकड़ मिलाए जाने का मामला सामने आया है। 19 जनवरी की रात खाद्य विभाग की टीम डभरा ब्लॉक के पुटीडीह धान खरीदी केंद्र में निरीक्षण के लिए पहुंची थी। जांच टीम ने पाया कि खरीदी प्रभारी प्रकाश महंत किसानों से खरीदे गए धान में 5 से 10 किलो तक मिट्टी और कंकड़ मिलाकर वजन पूरा करने का प्रयास कर रहे थे। वहीं, इस केंद्र में ऑनलाइन खरीदी के आंकड़ों की तुलना में लगभग 8000 बोरी धान की कमी भी मिली है। इस मामले में कार्रवाई की जा रही है। जांच टीम को मिली अनियमितताएं 19-20 जनवरी की रात धान खरीदी व्यवस्था में सुधार के उद्देश्य से जिला स्तरीय जांच टीम ने डभरा ब्लॉक के पुटीडीह धान खरीदी केंद्र में अचानक निरीक्षण किया। इस दौरान केंद्र पर गंभीर अनियमितताएं उजागर हुईं। मिट्टी और कंकड़ मिलाए जाने की सूचना मिलने के बाद जिला पंचायत सीईओ वासु जैन, एसडीएम विनय कश्यप, तहसीलदार मनमोहन ठाकुर, जिला खाद्य विभाग की टीम और स्थानीय प्रशासन के अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने स्थिति का गहन निरीक्षण किया, पंचनामा तैयार किया और नियमानुसार कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी है। 8 हजार बोरी कम धान मिला जिला प्रशासन ने पहले ही प्रत्येक धान खरीदी केंद्र में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए तीन-तीन नोडल अधिकारियों की नियुक्ति की है। पुटीडीह केंद्र में किए गए भौतिक सत्यापन में ऑनलाइन खरीदी के आंकड़ों की तुलना में लगभग 8000 बोरी धान की कमी पाई गई। इस कमी का भी पंचनामा तैयार किया गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि धान खरीदी में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी और किसानों के हितों से खिलवाड़ करने वालों पर कठोर कदम उठाए जाएंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *