उमरिया जिले के चंदिया थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी। यह घटना मंगलवार को ग्राम सलैया-5 में हुई। सूचना मिलते ही चंदिया पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, सलैया-5 निवासी देवीदिन ने अपनी पत्नी गुड्डी बाई की गला घोंटकर हत्या की। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह वारदात घरेलू विवाद के चलते अंजाम दी गई। बताया जा रहा है कि पति देवीदिन का कहना था कि पत्नी उसकी बात नहीं सुनती थी, इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद बढ़ गया था। मृतका गुड्डी बाई के तीन बच्चे हैं, जो वर्तमान में स्कूल में पढ़ाई करते हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। थाना प्रभारी जोधन सिंह परस्ते ने पुष्टि की है कि आरोपी पति को हिरासत में ले लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।


