पेट्रोल पंप पर गलत ईंधन डालने को लेकर बवाल:गलत तेल डालने पर माफी मांगी,युवती व साथियों पर कर्मचारी से मारपीट का आरोप

शहर के गांव राजावली इलाके में स्थित भारत पेट्रोलियम के एक पेट्रोल पंप पर उस समय हंगामा हो गया, जब कार में गलत ईंधन डालने को लेकर विवाद बढ़ गया। आरोप है कि धारदार वाहन में आई एक युवती ने अपने साथियों को बुलाकर पेट्रोल पंप कर्मचारी के साथ बेरहमी से मारपीट की। पूरी घटना पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। घायल कर्मचारी की पहचान जतिन कपूर के रूप में हुई है, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया। वहीं, मामले की सूचना थाना मकसूदां पुलिस को दी गई है। जतिन कपूर ने बताया कि वह राजावली स्थित भारत पेट्रोलियम पेट्रोल पंप पर कर्मचारी है। एक युवती कार में पेट्रोल भरवाने के लिए आई थी। उस समय वह फोन पर बात कर रही थी। कर्मचारी ने उससे पूछा कि गाड़ी डीजल की है या पेट्रोल की, जिस पर युवती ने पेट्रोल बताया। इसके बाद गाड़ी में पेट्रोल डालना शुरू कर दिया गया। करीब 200 से 300 रुपये का पेट्रोल डालने के बाद पता चला कि गाड़ी डीजल की है। इस पर कर्मचारी ने तुरंत अपनी गलती स्वीकार करते हुए महिला से गाड़ी वहीं खड़ी रखने को कहा और बताया कि गलत डाला गया तेल निकाला जाएगा। कर्मचारी ने इसके लिए माफी भी मांगी। आरोप है कि इसके बाद युवती गाड़ी से नीचे उतरी और गाली-गलौज करने लगी, जिसके बाद हाथापाई शुरू हो गई। फिर युवती ने फोन कर अपने साथियों को मौके पर बुला लिया, जिन्होंने मिलकर कर्मचारी के साथ जमकर मारपीट की। जतिन का आरोप है कि इस दौरान महिला उसका मोबाइल फोन और नकदी भी लेकर चली गई। इसके बाद जब वह अपने साथियों के साथ इलाज के लिए सिविल अस्पताल पहुंचा, तो वहां भी कुछ युवकों ने उसे धमकाया ताकि वह मेडिकल रिपोर्ट न बनवाए और मामला आगे न बढ़े। पीड़ित कर्मचारी ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कहा है कि उसके साथ हुई मारपीट की गहन जांच की जाए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *