शॉर्ट सर्किट से किराना दुकान में लगी आग:धनबाद के दुकानदार को ₹ 4 लाख का नुकसान, नगद समेत सारा सामान जलकर राख

धनबाद के बरवाअड्डा थाना क्षेत्र के जानकी कॉम्प्लेक्स के पास स्थित दीपक किराना स्टोर में देर रात अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेज थी कि देखते ही देखते पूरी दुकान इसकी चपेट में आ गई। घटना बुधवार तड़के करीब तीन बजे की है, जब आसपास के लोगों ने दुकान से धुआं और आग की ऊंची लपटें उठती देखीं। इसके बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोगों ने तुरंत बरवाअड्डा थाना पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और अग्निशमन विभाग को बुलाया गया। मशक्कत के बाद पाया आग पर काबू घटना की जानकारी मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। आग पर काबू पाने के लिए दमकल कर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। संकरी जगह और दुकान के भीतर रखे ज्वलनशील सामान के कारण आग तेजी से फैल चुकी थी। करीब एक घंटे की कोशिश के बाद आग पर काबू पाया जा सका। तब तक दुकान में रखा अधिकांश सामान जलकर राख हो चुका था। आग की लपटों और धुएं से आसपास की दुकानों और इमारतों में भी दहशत का माहौल बन गया। गनीमत रही कि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, नहीं तो आग आसपास की अन्य दुकानों को भी चपेट में ले सकती थी। चार लाख से ज्यादा का नुकसान इस आगजनी की घटना में दुकान मालिक को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार करीब चार लाख रुपए से अधिक की क्षति हुई है। दुकान में रखे किराना सामान, फ्रिज, अलमारी, काउंटर और अन्य उपकरण पूरी तरह जल गए। सबसे बड़ा नुकसान अलमारी में रखी नगद राशि का हुआ। बताया गया कि करीब एक लाख रुपए नकद दुकान में रखे थे, जो आग की चपेट में आकर पूरी तरह जल गए। आग बुझने के बाद जब दुकान का शटर खोला गया, तो अंदर का मंजर देखकर लोग सन्न रह गए। हर तरफ जला हुआ सामान और राख बिखरी हुई थी। मनी ट्रांसफर का काम भी करते थे दुकानदार दुकान मालिक दीपक साव ने बताया कि वह किराना स्टोर के साथ-साथ वाहन चालकों के लिए मनी ट्रांसफर का कार्य भी करते थे। इसी वजह से दुकान में नकद राशि रखी हुई थी। दीपक साव ने बताया कि मंगलवार रात करीब दस बजे वह रोज की तरह दुकान बंद कर घर चले गए थे। देर रात अचानक आग लगने की सूचना मिली, जिसके बाद वह मौके पर पहुंचे। प्राथमिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *