धौलपुर जिला कारागृह में मंगलवार सुबह बंदियों के बीच हुए विवाद के मामले में जेल अधीक्षक ने कोतवाली थाने में मामला दर्ज कराया हैं। जिसमें घटना का खुलासा किया गया हैं।
रिपोर्ट के मुताबिक घटना 20 जनवरी को सुबह लगभग 7:30 बजे वार्ड नंबर 4 में चाय-नाश्ते के वितरण के दौरान हुई। इस दौरान विचाराधीन बंदी अजीत पुत्र रामकुमार और मलखान पुत्र हरिसिंह के बीच झगड़ा हो गया। ड्यूटी पर तैनात जेल प्रहरी और स्टाफ ने मौके पर पहुंचकर बंदियों को समझाने का प्रयास किया। इसी बीच, बंदी मलखान ने प्रहरी सुनील कुमार के साथ अभद्रता करते हुए उन्हें थप्पड़ मार दिया, जिससे स्थिति और बिगड़ गई। जेल अधीक्षक सुमन कुमारी मीना के मौके पर पहुंचने पर बंदी अजीत ने उनके साथ भी उग्र व्यवहार किया, गाली-गलौज और हाथापाई का प्रयास किया। बंदियों ने पानी की टंकी तोड़ी, पट्टियां उखाड़ी
इस घटना को लेकर जेल अधीक्षक ने कोतवाली थाने में मामला दर्ज कराया है। शिकायत में बताया गया है कि विवाद के दौरान अन्य वार्डों में बंद कई बंदी भी उग्र हो गए। उन्होंने शोर-शराबा किया, पत्थरबाजी की और जेल की संपत्ति को नुकसान पहुंचाया। बंदियों ने पानी की टंकी तोड़ दी, पत्थर की पट्टियां उखाड़ लीं और वार्ड के गेट तोड़ने का प्रयास किया। स्थिति नियंत्रण से बाहर होते देख अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया। 3 घंटे की मशक्कत के बाद पाया काबू
सूचना मिलने पर जिला कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक भारी पुलिस बल के साथ जेल पहुंचे। करीब 2 से 3 घंटे की मशक्कत के बाद स्थिति पर काबू पाया गया। सभी उपद्रवी बंदियों को अलग-अलग सेल में शिफ्ट कर दिया गया।
थाना अधिकारी वीरेंद्र मीणा ने बताया कि मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को संभाल लिया था। जेल अधीक्षक की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। इस मामले की जांच सीओ सिटी धौलपुर को सौंपी गई है।


