डूंगरपुर में गुजरात जा रही 10 लाख की शराब पकड़ी:ट्रक में गुप्त चैंबर में हो रही थी तस्करी, कार से कर रहे थे एस्कॉर्ट

डूंगरपुर में बिछीवाड़ा थाना पुलिस ने गुजरात जा रहे एक ट्रक से 10 लाख की अवैध शराब पकड़ी है। जलाऊ लकड़ी की आड़ में यह तस्करी हो रही थी। शराब से भरे इस ट्रक को एक कार में बैठे 3 तस्कर एस्कॉर्ट कर रहे थे।
पुलिस ने ट्रक ड्राइवर समेत तस्करों को गिरफ्तार कर लिया है। ट्रक में बॉडी के नीचे गुप्त चैंबर बनाकर शराब की पेटियां छिपाई थी। पुलिस तस्करों से पूछताछ कर रही है। बिछीवाड़ा थाना पुलिस ने राजस्थान-रतनपुर बॉर्डर पर नाकाबंदी के दौरान इस कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस को एक गुजरात नंबर के ट्रक से अवैध शराब तस्करी की सूचना मिली। इस पर पुलिस नाकाबंदी के दौरान उदयपुर की ओर से आ रहे एक गुजरात नंबर के ट्रक को रुकवाया। ट्रक के आगे ही उदयपुर नंबर की एक वैगनआर कार एस्कॉर्ट कर रही थी। पुलिस ने उस कार को भी पकड़ लिया। ट्रक ड्राइवर सुरेशसिंह (25) पुत्र उदयसिंह सोलंकी निवासी गजसिंह की भांगल चारभुजा जिला राजसमंद था, जिसे गिरफ्तार कर लिया गया। लकड़ी की आड़ में हो रही थी तस्करी
ट्रक में जलाऊ लकड़ी भरी होना बताया। पुलिस ने ट्रक का तिरपाल हटाकर तलाशी ली तो उसमें लकड़ी भी भरी मिली। लेकिन मुखबिर की सूचना पुख्ता होने से पुलिस ने ट्रक की गहनता से तलाशी ली। ट्रक के केबिन ओर बॉडी के नीचे की तरफ गुप्त चैंबर बना हुआ मिला। पुलिस ने चैंबर को खोलकर देखा तो चैंबर में अलग अलग ब्रांड की शराब की पेटियां भरी हुई मिली। इसमें राजस्थान निर्मित शराब की 174 कार्टून बरामद किए। शराब की सभी बोतल ओर कार्टून पर उनके बैच नंबर हाईलाइटर पेन से मिटा दिए थे या स्क्रैच कर दिए थे। ताकि बैच नम्बर से पुलिस शराब की दुकान तक नहीं पहुंच सके। ड्राइवर के पास शराब परिवहन के कोई कागजात भी नहीं मिले। जिस पर ट्रक के साथ शराब को जब्त कर लिया है। तस्करों के नेटवर्क को खंगालने में जुटी पुलिस
ट्रक ड्राइवर सुरेश सिंह ने पुलिस पूछताछ में बताया कि ट्रक में शराब की पेटियां होने से वैगनआर कार उसे एस्कॉर्ट कर रही थी। कार में ड्राइवर शेषमल (38) पुत्र हीरालाल खटीक निवासी सासेरा रोड दरीबा रेलमंगरा जिला राजसमंद, पास में बैठे साथी कैलाश (31) पुत्र बद्रीलाल नायक निवासी विजयवर्गीय मोहल्ला रेलमंगरा राजसमंद ओर मांगीलाल (27) पुत्र उदयराम किर निवासी कोटडी रेलमंगरा राजसमंद को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब तस्करों से राजस्थान की शराब किन दुकानों या ठिकानों से भरी गई और गुजरात में किन ठिकानों पर तस्करी कर ले जा रहे है इसके बारे में पूछताछ कर रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *