ओडिशा के क्योंझर जिले में बैंक ऑफ महाराष्ट्र की ब्रांच से हथियारबंद बदमाशों ने कथित तौर पर करीब 5 करोड़ रुपए कैश और गोल्ड लूट लिया है। यह घटना सोमवार दोपहर करीब 2 बजे हुई। पुलिस के मुताबिक,फेस मास्क पहने पांच से छह हमलावर मोटरसाइकिल पर आए और ग्राहक बनकर बैंक में घुस गए। पुलिस ने बताया कि इसके बाद बदमाशों ने ब्रांच के अंदर लगे CCTV सिस्टम को नुकसान पहुंचाया और वहां मौजूद लोगों को बंद करके दोपहर करीब 2.15 बजे सोना और कैश लेकर फरार हो गए। पुलिस ने बताया कि शुरुआती जांच में ब्रांच से करीब 4 लाख रुपए कैश और लगभग 3.7 किलोग्राम सोना लूटा गया है। आरोपियों की पहचान करने और उन्हें पकड़ने के लिए जांच शुरू कर दी गई है। आज की अन्य बड़ी खबरें… मुंबई में अक्षय कुमार के काफिले की कार की ऑटो से टक्कर, हादसे में दो लोग घायल मुंबई के जुहू इलाके में बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार के काफिले की कार का सोमवार रात एक्सीडेंट हो गया। इसमें दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मुंबई पुलिस के मुताबिक, दो कारें और एक ऑटो-रिक्शा आपस में टकराए। टक्कर इतनी तेज थी कि ऑटो में बैठे यात्रियों को गंभीर चोटें आईं। घायल लोगों को तुरंत पास के अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया। पुलिस ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। राहत की बात यह रही कि इस घटना में अक्षय कुमार को कोई चोट नहीं आई। मामले की जांच जारी है। पूरी खबर पढ़ें… सबरीमाला गोल्ड चोरी केस: केरल हाईकोर्ट ने कहा- एनालिसिस रिपोर्ट सोना बदले जाने के शक को मजबूत करती है केरल हाईकोर्ट ने सबरीमाला गोल्ड चोरी केस में कहा है कि एनालिसिस रिपोर्ट से सबरीमाला मंदिर में लगी सोने की प्लेटों को बदले जाने का शक मजबूत होता है। कोर्ट ने यह टिप्पणी केमिकल जांच रिपोर्ट देखने के बाद की। अदालत ने बताया कि यह रिपोर्ट विक्रम साराभाई स्पेस सेंटर (VSSC) द्वारा तैयार की गई है। रिपोर्ट में मंदिर की सोने से मढ़ी प्लेटों से लिए गए नमूनों की जांच की गई थी। कोर्ट के अनुसार, जांच के नतीजे इस बात की ओर इशारा करते हैं कि मंदिर में लगी असली सोने की प्लेटों को हटाकर उनकी जगह दूसरी सामग्री लगाई गई हो सकती है। अदालत ने कहा कि रिपोर्ट में सामने आए तथ्य गंभीर हैं और इन्हें नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। कांग्रेस बोली- जस्टिस चंद्रचूड़ को सही काम करने से किसने रोका था, उन्होंने उमर खालिद की जमानत 10 बार रद्द की कांग्रेस प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने सोमवार को कहा कि पूर्व चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया(CJI) डी वाई चंद्रचूड़ ने उमर खालिद की जमानत याचिका 10 बार रद्द की थी। उन्होंने पूछा कि पूर्व CJI को सही काम करने से किसने रोका था। कांग्रेस ने ये टिप्पणी पूर्व CJI के रविवार को दिए उस बयान पर की जिसमें उन्होंने कहा था कि जमानत नियम होना चाहिए अपवाद नहीं। चंद्रचूड़ जयपुर लिटरेचर फेस्टिवल में बोल रहे थे। कांग्रेस के बयान के बाद भारती जनता पार्टी ने कहा कि वोटबैंक के नाम पर शरजील-उमर बचाओ गैंग काम पर लग गया है। कांग्रेस अब SC की समझ पर सवाल उठा रही है। पूर्व CJI चंद्रचूड़ पर हमला कर रही है। लद्दाख में भूकंप के तेज झटके, रिक्टर स्केल पर 5.7 रही तीव्रता; 171 किमी की गहराई में था केंद्र केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख और आसपास के इलाकों में सोमवार को भूकंप के जोरदार झटके महसूस किए गए। भूकंप की तीव्रता 5.7 मापी गई है। लद्दाख के अलावा भूकंप के झटके जम्मू-कश्मीर के कुछ हिस्सों में भी महसूस किए गए। नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी (NCS) के मुताबिक भूकंप का केंद्र लेह-लद्दाख क्षेत्र में जमीन से 171 किलोमीटर की गहराई पर स्थित था। भूकंप का केंद्र गहराई में होने के चलते कंपन विनाशकारी नहीं रहा। फिलहाल किसी भी तरह के जानमाल के नुकसान की खबर नहीं है। हाईकोर्ट ने प्रणय रॉय और राधिका रॉय को जारी किए इनकम टैक्स नोटिस रद्द किए, विभाग पर ₹2 लाख का जुर्माना दिल्ली हाईकोर्ट ने सोमवार को NDTV के फाउंडर प्रणय रॉय और राधिका रॉय को जारी किए गए इनकम टैक्स री-असेसमेंट नोटिस रद्द कर दिए।कोर्ट ने नोटिस जारी करने के लिए इनकम टैक्स विभाग पर ₹2 लाख का जुर्माना भी लगाया। मार्च 2016 में जारी किए गए ये नोटिस NDTV की प्रमोटर कंपनी आरआरपीआर होल्डिंग को दिए गए कुछ इंटरेस्ट फ्री लोन से जुड़े थे। प्रणय और राधिका रॉय ने इनकम नोटिस को नवंबर 2017 में चुनौती देते हुए हाईकोर्ट का रुख किया था। उनका तर्क था कि एक ही एसेसमेंट ईयर के लिए दोबारा टैक्स री-असेसमेंट करना कानून के खिलाफ है। ठाणे में 125 लोग फूड पॉइजनिंग के शिकार; प्री वेडिंग सेरेमनी के लिए अहमदाबाद के कैटरर ने बनाया था खाना महाराष्ट्र के ठाणे में शादी से पहले के एक फंक्शन में संदिग्ध फूड पॉइजनिंग के कारण 125 लोग बीमार पड़ गए।रविवार शाम को कल्याण शहर में खड़कपाड़ा पुलिस स्टेशन इलाके के एक हाउसिंग कॉम्प्लेक्स में हल्दी की रस्म हुई थी। जहां खाना खाने के कुछ ही देर बाद, कई लोगों को उल्टी, मतली और पेट में दिक्कत की शिकायत हुई, और उन्हें मेडिकल मदद के लिए पास के अस्पतालों और क्लीनिक में ले जाया गया। पुलिस उपायुक्त (कल्याण जोन-III) अतुल जेंडे ने कहा कि सभी को समय पर इलाज मिल गया है। खाना सप्लाई करने वाला कैटरर अहमदाबाद का है और उसे पूछताछ के लिए बुलाया गया है। फंक्शन में परोसे गए खाने के सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं। दिल्ली में जगह-जगह अल-कायदा और बब्बर खालसा के आतंकियों के पोस्टर लगे, लिखा- सूचना देने वालों को इनाम दिल्ली में गणतंत्र दिवस से पहले रेलवे स्टेशन सहित भीड़भाड़ वाली कई जगहों पर पुलिस ने अल-कायदा और बब्बर खालसा इंटरनेशनल के आतंकवादियों की तस्वीरों वाले पोस्टर लगाए हैं। इन पर आतंकियों की तस्वीर छपी है। साथ में लिखा है- दिल्ली पुलिस को इनकी तलाश है। इनकी सूचना देने वालों इनाम दिया जाएगा। इससे पहले 17 जनवरी को इंटेलिजेंस एजेंसियों ने गणतंत्र दिवस से पहले दिल्ली में आतंकी हमले को लेकर अलर्ट जारी किया था। इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) से जुड़े सूत्रों ने बताया है कि प्रतिबंधित खालिस्तानी और बांग्लादेश के आतंकी संगठन दिल्ली समेत देश के कई शहरों को निशाना बनाने की कोशिश कर सकते हैं। सूत्रों ने बताया कि पंजाब के कुछ गैंगस्टर विदेश से संचालित खालिस्तानी और कट्टरपंथी हैंडलरों के लिए ‘फुट सोल्जर’ की भूमिका निभा रहे हैं। ये हैंडलर अपने एजेंडे को आगे बढ़ाने और भारत की आंतरिक सुरक्षा को बाधित करने के लिए क्रिमिनल नेटवर्क का इस्तेमाल कर रहे हैं। अलर्ट के मुताबिक, ये गैंगस्टर हरियाणा, दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में एक्टिव हैं और धीरे-धीरे खालिस्तानी आतंकी संगठनों से संपर्क बढ़ा रहे हैं। दिल्ली में 10 नवंबर, 2025 को लाल किला के पास एक कार में आत्मघाती आतंकी हमला हुआ था, जिसमें 15 लोगों की मौत हुई थी। सीएम स्टालिन ने तमिलनाडु में 7 गैर-हिंदी भाषाओं के लिए साहित्यिक पुरस्कार की घोषणा की तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने सात गैर-हिंदी भाषाओं के लिए नए वार्षिक साहित्यिक पुरस्कारों का ऐलान किया है। इनमें तमिल, तेलुगु, कन्नड़, मलयालम, उड़िया, बंगाली और मराठी भाषाएं शामिल हैं। इन पुरस्कारों का नाम ‘सेम्मोजी इलक्किया विरुधु’ रखा गया है, जिसका अर्थ है शास्त्रीय भाषा साहित्यिक पुरस्कार। पहले चरण में इन सात भाषाओं की बेहतरीन साहित्यिक रचनाओं को सम्मानित किया जाएगा। स्टालिन ने केंद्र सरकार पर आरोप लगाया कि साहित्य अकादमी पुरस्कारों में राजनीतिक दखल दिया गया है। उन्होंने कहा कि हाल ही में पुरस्कारों की घोषणा इसी वजह से रद्द की गई थी। राजौरी में महिला प्लास्टिक बैग में बंधी मिली, गंभीर हालत में अस्पताल भर्ती जम्मू के राजौरी जिले में रविवार देर रात एक महिला प्लास्टिक के बैग में बंधी हुई हालत में मिली है। पुलिस के अनुसार महिला की उम्र करीब 45 साल है और उसका नाम अजीम अख्तर है। उसे रस्सी से बांधा गया था। लोगों ने समय रहते उसे बाहर निकाला और इलाज के लिए गंभीर हालत में GMC अस्पताल पहुंचाया। यह बैग राजौरी के तंदवाल इलाके में एक सुनसान जगह पर पड़ा मिला, जिसे देखकर स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। फिलहाल पुलिस महिला के ठीक होने का इंतज़ार कर रही है ताकि उसका बयान लिया जा सके और मामले की पूरी जांच की जा सके। दिल्ली में ₹14,630 करोड़ की लागत से 47 किमी लंबी मेट्रो लाइन बनेगी दिल्ली में ₹14,630 करोड़ की लागत से 47 किमी का नया मेट्रो नेटवर्क बिछेगा। रविवार को दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में दिल्ली सरकार इसकी घोषणा की। दिल्ली सरकार ने दिल्ली मेट्रो रेल ट्रांजिट सिस्टम (एमआरटीएस) के फेज-IV के बचे हुए तीन कॉरिडोरों के लिए अपने हिस्से का फंड जारी कर दिया है। इस कॉरिडोर के चार वर्ष में पूरा होने की संभावना है। तमिलनाडु के वेल्लोर में जल्लीकट्टू के दौरान हादसा, बुज़ुर्ग की मौत; 27 लोग घायल तमिलनाडु के वेल्लोर जिले के गोविंदा रेड्डीपलायम गांव में पोंगल पर्व पर आयोजित पारंपरिक बैल को भीड़ के बीच छोड़कर दौड़ाने वाले खेल जल्लीकट्टू के दौरान दर्दनाक हादसा हुआ। फिनिशिंग एरिया के पास खड़े 65 साल के शख्स को एक बैल ने टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना में पुलिसकर्मी समेत 27 अन्य लोग घायल हो गए, जिन्हें मौके पर बने मेडिकल कैंप में प्राथमिक इलाज दिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जांच जारी है।


