पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने विदिशा में केंद्र और राज्य सरकार पर जमकर निशाना साधा। मंगलवार शाम को कुरवाई से भोपाल जाते समय राजपूत समाज और कांग्रेस पदाधिकारियों ने उनका स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने मीडिया से बातचीत की। दिग्विजय सिंह ने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की आलोचना की। उन्होंने कहा कि नितिन गडकरी एक अच्छे मंत्री हैं, लेकिन उनके कार्यकाल में बने कुछ एक्सप्रेस-वे घटिया निर्माण के कारण टूट गए, जिससे निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठते हैं। दिग्विजय बोले- कृषि मंत्री के जिले में ही किसान परेशान हैं
पूर्व मुख्यमंत्री ने शिवराज सिंह चौहान को “घोषणाएं करने वाला नेता” बताया। उन्होंने कहा कि शिवराज सरकार के समय की गई कई घोषणाएं आज तक पूरी नहीं हो सकी हैं। दिग्विजय सिंह ने कहा कि शिवराज सिंह चौहान इस समय देश के कृषि मंत्री हैं, लेकिन उनके अपने क्षेत्र के किसान ही परेशान हैं। किसानों को खाद नहीं मिल रही, सोयाबीन के सही दाम नहीं मिल पा रहे हैं और फसल बीमा योजना का भी पूरा लाभ नहीं मिल रहा है। नगर निगम बने लेकिन काम भी होना चाहिए नगर पालिका को नगर निगम बनाए जाने के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि विदिशा की आबादी लगभग एक लाख हो चुकी है, इसलिए इसे नगर निगम बनाया जाना चाहिए। हालांकि उन्होंने यह सवाल भी उठाया कि चुने हुए जनप्रतिनिधि जनता की उम्मीदों पर खरे उतरेंगे या नहीं और नगर निगम अपने काम सही ढंग से कर पाएगा या नहीं। नर्मदा नदी को बेतवा नदी से जोड़ने की योजना पर दिग्विजय सिंह ने आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि नदियों को जोड़ने की योजनाएं ज्यादा कारगर साबित नहीं होतीं।


