बैतूल में स्कूल वैन-तूफान वाहन की टक्कर:वैन चालक की भतीजी छात्रा की मौत, 11 बच्चे घायल; पांच की हालत गंभीर

बैतूल में बुधवार सुबह भैंसदेही गुदगांव रोड पर गैस गोदाम के पास एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। विद्या संस्कार पीठ की स्कूल वैन और तूफान वाहन (एमपी 06 पी 0902) के बीच हुई जोरदार टक्कर में 7 वर्षीय छात्रा हर्षिता पाटणकर पिता पवन की मौत हो गई। मृतक बच्ची स्कूल वैन चालक सोनू पाटणकर की भतीजी थी और हादसे के वक्त वह उसके पास की सीट पर बैठी थी। वैन में कुल 15 बच्चे सवार थे, जिनमें से 11 बच्चे घायल हुए हैं। इनमें से पांच की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे में ड्राइवर सोनू पाटणकर भी स्टीयरिंग में फंस गया था, जिसे बाद में स्थानीय लोगों ने बाहर निकाला। टक्कर के बाद वैन पूर्णा नदी के पास पलट गई। सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भैंसदेही ले जाया गया, जहां से गंभीर बच्चों को जिला अस्पताल बैतूल रेफर किया गया है। तूफान वाहन में दो लोग सवार थे, जो हादसे के बाद मौके से फरार हो गए। मृतक बच्ची हनुमान धाना की रहने वाली थी। हादसा स्कूल से महज आधा किलोमीटर की दूरी पर हुआ। घटना में 5 गंभीर घायल बच्चों और ड्राइवर को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की पुष्टि करते हुए एसडीओपी भूपेंद्र सिंह मौर्य ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *