राष्ट्रीय पर्व गणतंत्र दिवस को लेकर जिला मुख्यालय पर होने वाले मुख्य सार्वजनिक समारोह की तैयारियां इन दिनों पूरे परवान पर हैं। प्रशासनिक स्तर पर कार्यक्रम को गरिमामय और भव्य बनाने के लिए व्यापक खाका तैयार किया गया है। एक ओर जहां जिला प्रशासन विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित करने के लिए विभागवार सूचियां तैयार करने में व्यस्त है, वहीं दूसरी ओर सुरक्षा बलों और स्कूली छात्र-छात्राओं द्वारा परेड और प्रदर्शन के लिए घंटों अभ्यास किया जा रहा है। आयोजन की गरिमा को बढ़ाने के लिए पुलिस, आरएसी और एनसीसी के जवान तालमेल बिठाते हुए सलामी परेड की तैयारियों में जुटे हुए हैं। कांकरिया स्कूल के मैदान में जुट रहा है बच्चों का हुजूम समारोह के मुख्य आकर्षण के रूप में होने वाले सामूहिक व्यायाम और मार्च पास्ट के लिए शहर के कांकरिया स्कूल में स्कूली बच्चों का जमावड़ा लग रहा है। इस संयुक्त अभ्यास में शहर के सरकारी और निजी स्कूलों सहित कुल 12 विद्यालयों के लगभग 600 से अधिक छात्र-छात्राएं हिस्सा ले रहे हैं। अनुशासन और जोश के बीच चल रहे इस रिहर्सल में एनसीसी के कैडेट्स छोटे बच्चों को परेड की बारीकियां सिखा रहे हैं। वहीं कुछ निजी शिक्षण संस्थान अपने स्तर पर भी छात्रों को तैयार कर रहे हैं ताकि जिला स्तरीय आयोजन में बेहतर प्रदर्शन किया जा सके। पीटी और सामूहिक व्यायाम का शारीरिक शिक्षक करवा रहे अभ्यास परेड के साथ-साथ समारोह में बच्चों द्वारा प्रस्तुत किए जाने वाले सामूहिक व्यायाम और पीटी प्रदर्शन की कमान शारीरिक शिक्षकों ने संभाल रखी है। पीटी प्रभारी प्रेमचंद भाटी के मार्गदर्शन में बच्चों को शारीरिक सौष्ठव और तालमेल का कड़ा अभ्यास करवाया जा रहा है। खेल मैदान में छात्र अनुशासन के साथ शारीरिक शिक्षकों के निर्देशों का पालन कर रहे हैं। इस बार के विशेष प्रदर्शन में बच्चों द्वारा कुल आठ तरह की एक्सरसाइज प्रस्तुत की जाएंगी, जिनमें शारीरिक संतुलन और स्फूर्ति को ध्यान में रखते हुए चार खड़े होकर और चार बैठकर की जाने वाली विशेष मुद्राएं शामिल की गई हैं। कड़ाके की ठंड के बीच समय सारणी में किया गया बदलाव सर्दियों के बढ़ते प्रकोप और बच्चों के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए अभ्यास के समय में विशेष बदलाव किया गया है। सुबह के समय अत्यधिक ठंड होने के कारण बच्चों को अब सुबह 11 बजे के बाद ही मैदान में बुलाया जा रहा है, ताकि अनुकूल वातावरण में वे अभ्यास कर सकें। प्रतिदिन लगभग दो घंटे की कड़ी रिहर्सल के माध्यम से प्रदर्शन को निखारा जा रहा है। तैयारियों का यह सिलसिला अब अंतिम चरण में है और आगामी 24 जनवरी को जिला खेल स्टेडियम में फुल ड्रेस रिहर्सल का आयोजन किया जाएगा, जिसके बाद 26 जनवरी को मुख्य समारोह में अतिथियों की उपस्थिति में इन कार्यक्रमों का भव्य प्रदर्शन होगा।


