ब्यावर में अजमेर रोड स्थित रीको हाउसिंग विकास समिति के चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुए। इसमें समाजसेवी ओमप्रकाश भंसाली को समिति का अध्यक्ष निर्विरोध चुना गया।
चुनाव परिणाम घोषित होते ही समिति पदाधिकारियों और कॉलोनीवासियों ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष का स्वागत किया।
नगर की अनेक धार्मिक, सामाजिक और राजनीतिक संस्थाओं से सक्रिय रूप से जुड़े भंसाली के अध्यक्ष चुने जाने पर विकास समिति के प्रमुख सदस्यों ने उनके नेतृत्व में कॉलोनी के विकास को नई दिशा मिलने का विश्वास जताया। नवनियुक्त अध्यक्ष भंसाली ने घोषणा की कि शीघ्र ही अन्य पदाधिकारियों और कार्यकारिणी की घोषणा की जाएगी। उन्होंने क्षेत्र के समग्र विकास के लिए पूर्ण निष्ठा से कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया।
भंसाली ने बताया कि कॉलोनी में मूलभूत सुविधाओं के विस्तार और स्वच्छ, सुव्यवस्थित वातावरण के लिए वे स्वयं और क्षेत्रवासियों के सहयोग से ब्यावर जिला प्रशासन से पुरजोर मांग करेंगे। उनका उद्देश्य रीको हाउसिंग क्षेत्र को नगर की एक आदर्श और स्वच्छ कॉलोनी के रूप में विकसित करना है। चुनाव कार्यक्रम में ख्यातनाम भामाशाह इंदरसिंह बागावास, प्राज्ञ जैन समिति अध्यक्ष रतन भंसाली, डॉ. बजरंग सिंह, लक्ष्मीचंद भंसाली, सुरेंद्र सिंह राजपुरोहित, जेपी शर्मा, मोहित भंसाली, कपूर गादिया, वरिष्ठ पत्रकार सिद्धार्थ जैन, विजय बहादुर, दिनेश जैन सहित विकास समिति के सदस्यगण और बड़ी संख्या में कॉलोनीवासी उपस्थित रहे।


