बड़वानी में प्रदेश की जीवनदायिनी मां नर्मदा का जन्मोत्सव इस वर्ष 25 जनवरी को उल्लासपूर्वक मनाया जाएगा। इस अवसर पर शहर के समीप दो प्रमुख स्थानों पर विशेष आयोजन होंगे। जागीरदारपुरा घाट पर चार दिवसीय नर्मदा पुराण कथा का आयोजन किया जाएगा, जबकि राजघाट के पूर्व बैंकवाटर किनारे प्रसादी भंडारा आयोजित होगा। इन कार्यक्रमों में श्रीश्री 1008 ईश्वरानंद उत्तम स्वामी महाराज भी शामिल होंगे। मां नर्मदा जागीरदारपुरा नवीन घाट पर 108 श्रीरामदास त्यागी के सानिध्य में 35वां नर्मदा जन्मोत्सव कार्यक्रम आयोजित हो रहा है। इसके तहत 22 से 25 जनवरी तक प्रतिदिन दोपहर 1 बजे से शाम 4 बजे तक पंडित अंकित शर्मा (सिनखेड़ा, खरगोन) अपने मुखारबिंद से नर्मदा पुराण कथा का वाचन करेंगे। घाट पर रंगाई-पुताई, सज्जा के साथ मंच और शामियाना लगाया जा रहा है। 24 जनवरी को सुबह 10 बजे चुनरी यात्रा और कन्या भोज का आयोजन होगा। इसमें ईश्वरानंद महर्षि उत्तम स्वामी महाराज भी उपस्थित रहेंगे और श्रद्धालुओं को कथा का रसपान कराएंगे। 25 जनवरी को मां नर्मदा को 1101 मीटर चुनरी अर्पित की जाएगी। इसके साथ ही दुग्धाभिषेक, महाआरती और कन्या पूजन-भोज भी होगा। शाम को पालकी यात्रा और दीपदान का कार्यक्रम निर्धारित है। उल्लेखनीय है कि गत वर्ष जुलाई-अगस्त माह में निर्मित नया घाट अब धार्मिक के साथ-साथ पर्यटन की दृष्टि से भी अपनी पहचान बना चुका है। रंग-रोगन, साफ-सफाई और आकर्षक विद्युत रोशनी से यह नवीन घाट जगमग नजर आ रहा है। वहीं, नर्मदा सेवा ट्रस्ट के तत्वावधान में शहर के समीप बैंकवाटर में जलमग्न रोहिणी तीर्थ के पूर्व पुराने फिल्टर प्लांट परिसर में 25 जनवरी को नर्मदा जन्मोत्सव और विशाल भंडारे का आयोजन होगा। इस आयोजन के लिए समिति द्वारा तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। भंडारे के पूर्व 24 जनवरी की शाम 7 बजे से भव्य सुंदरकांड पाठ और भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा। 25 जनवरी को सुबह 9 बजे नर्मदा तट राजघाट पर मां नर्मदा का पूजन-अर्चन और अभिषेक होगा। दोनों ही स्थानों पर आकर्षक विद्युत सज्जा से तट जगमग हो रहे हैं। सुबह 10 बजे मां नर्मदा को 1000 मीटर की चुनरी अर्पण की जाएगी। महाआरती के बाद दोपहर 12 बजे से विशाल भंडारे की शुरुआत होगी।


