शिवपुरी में 2 करोड़ की चोरी का खुलासा:कोलारस में ज्वेलर्स के यहां से चुराई 46 किलो चांदी जमीन से निकली; 2 आरोपी गिरफ्तार

शिवपुरी पुलिस ने कोलारस कस्बे में एक ज्वेलर्स की दुकान से हुई करीब दो करोड़ रुपए की चोरी का बड़ा खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब डेढ़ करोड़ रुपए कीमत की 46 किलो चांदी बरामद की है। यह चांदी आरोपियों ने जमीन में गड्ढे खोदकर छिपा रखी थी। मामले में दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी पुलिस सरगर्मी से तलाश कर रही है। जानकारी के अनुसार, 26 और 27 जुलाई की दरमियानी रात कोलारस कस्बे के सदर बाजार में स्थित ज्वेलर्स गिरीश कुमार जैन की दुकान का शटर तोड़कर अज्ञात चोर सोने-चांदी के आभूषण चुरा ले गए थे। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 331(4) और 305(ए) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। 200 CCTV खंगाले, 100 संदिग्धों से पूछताछ पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौड़ ने बताया कि चोरी का पता लगाने के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मुले और एसडीओपी कोलारस संजय मिश्रा के नेतृत्व में विशेष टीमें बनाई गई थीं। पुलिस ने करीब 200 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके अलावा शिवपुरी, ग्वालियर, मुरैना और भिंड जिलों में 100 से अधिक संदिग्धों से पूछताछ की गई। साइबर सेल की मदद से तकनीकी साक्ष्य भी जुटाए गए। चांदी बेचने आया और पकड़ा गया 20 जनवरी 2026 को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी अमन रावत चोरी का माल बेचने शिवपुरी आ रहा है। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे दबोच लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से चांदी के आभूषण बरामद हुए। मामा के साथ मिलकर की थी वारदात पूछताछ में आरोपी अमन रावत (22), निवासी खोंकर रोड सेसई सड़क ने कबूला कि उसने यह चोरी अपने मामा संजय रावत, जानकी रावत और मामा के दोस्त अभिषेक रावत के साथ मिलकर की थी। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने दूसरे आरोपी अभिषेक रावत (19), निवासी ग्राम कुलवारा को भी गिरफ्तार कर लिया। वारदात में शामिल संजय रावत और जानकी रावत अभी फरार हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *