नमस्कार, आज की सबसे बड़ी खबर कैबिनेट के फैसले से जुड़ी है। प्रदेश में एक धर्म के लोगों का पलायन रोकने के लिए भजनलाल सरकार कानून लाएगी। चलिए सिलसिलेवार पढ़ते हैं, राजस्थान दिनभर में क्या कुछ खास रहा… पहले टॉप 5 खबरें
1. एक धर्म के लोगों का पलायन रोकने कानून लाएगी सरकार
राजस्थान में एक धर्म के लोगों का पलायन रोकने के लिए सरकार कानून लाएगी। बुधवार को हुई कैबिनेट मीटिंग में सरकार ने डिस्टर्ब एरिया एक्ट को मंजूरी दे दी। ऐसा कानून बनाने वाला राजस्थान देश में दूसरा राज्य होगा। कानून लागू होने के बाद अल्पसंख्यक इलाकों पर सरकार कई तरह के प्रतिबंध लगा सकेगी। पढ़ें पूरी खबर 2. सुप्रीम कोर्ट बोला- अरावली में रोक के बाद भी अवैध खनन
अरावली पहाड़ियों पर सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने कहा- रोक बाद भी अवैध खनन चल रहा है। इससे ऐसे हालात बनेंगे, जिन्हें सुधार नहीं सकेंगे। कोर्ट खनन रोकने के लिए विशेषज्ञों की एक एक्सपर्ट कमेटी गठित करेगा। कोर्ट ने राजस्थान सरकार से गारंटी ली कि अरावली क्षेत्र में किसी भी तरह का खनन नहीं होने दिया जाएगा। पढ़ें पूरी खबर 3. 27 सवारियों से भरी जीप खाई में गिरी, 3 की मौत
उदयपुर में 27 सवारियों से भरी जीप बेकाबू होकर खाई में गिर गई। हादसे में 3 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 17 लोग घायल हो गए। चढ़ाई के दौरान अचानक जीप के ब्रेक फेल हो गए और जीप सड़क से उतरकर सीधे लगभग 60 फीट गहरी खाई में गिर गई। पढ़ें पूरी खबर 4. BJP की पूर्व प्रत्याशी को बेटा-बेटी ने पटक-पटककर पीटा
भाजपा की पूर्व प्रत्याशी और राजस्थान के पूर्व मंत्री बनवारीलाल शर्मा की बहू नीरजा शर्मा (60) ने अपने ही बेटा-बेटी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने पुलिस को दी रिपोर्ट में कहा कि बेटा-बेटी ने घर में पटक-पटककर पीटा। लात-घूंसे मारे। बेटा-बेटी घर खाली करवाने का दबाव बना रहे हैं। पढ़ें पूरी खबर 5. राजस्थान में आंधी-बारिश और ओले गिरने का अलर्ट
राजस्थान में 22 जनवरी को 6 और 23 जनवरी को 10 जिलों में आंधी-बारिश हो सकती है। कुछ जगह ओले भी गिर सकते हैं। चूरू जिले के सादुलपुर में बुधवार सुबह घने कोहरे के कारण एम्बुलेंस ट्रक से टकरा गई। हादसे में मरीज की मौत हो गई। सीकर के फतेहपुर में 4 वाहन टकरा गए, जिसमें 10 लोग घायल हो गए। पढ़ें पूरी खबर अब 3 अहम खबरें
6. थार ने 18 साल की लड़की को उड़ाया
जयपुर में एक्सप्रेस-वे पर तेज रफ्तार थार ने 18 साल की लड़की को कुचल दिया। हादसे में लड़की गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे लोगों ने अस्पताल पहुंचाया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। लड़की एयरफोर्स की फिजिकल परीक्षा की तैयारी कर रही थी। पढ़ें पूरी खबर 7. 30 साल के बिजली कर्मचारी की हार्टअटैक से मौत
अजमेर के श्रीनगर में बिजली विभाग के कर्मचारी की हार्ट अटैक से मौत हो गई। लाइनमैन को ड्यूटी के दौरान सीने में दर्द उठा। इस पर वह इलाज के लिए अस्पताल पहुंचा, जहां से उसे अजमेर के JLN हॉस्पिटल रेफर कर दिया। रास्ते में उसने एम्बुलेंस में दम तोड़ दिया। पढ़ें पूरी खबर 8. ट्रैक्टर रैली रोकने से नाराज ग्रामीणों ने पुलिस पर फेंके पत्थर
सवाई माधोपुर में डूंगरी बांध रद्द करने की मांग को लेकर इकट्ठा हुए ग्रामीणों ने पुलिस पर पथराव कर दिया। पथराव से पुलिस के वाहन डैमेज हो गए और कुछ पुलिसकर्मियों को भी चोट आई है। इसके बाद पुलिस ने बैरिकेड लगा कर कलेक्ट्रेट जाने का रास्ता बंद कर दिया। पढ़ें पूरी खबर खबर जो हटकर है
9. पैरों से मैदा गूंथकर बनाई फीणी, 110 किलो नष्ट करवाई
जोधपुर में एक दुकान पर पैरों से मैदा गूंथकर फीणी बनाई जा रही थी। इसका वीडियो सामने आने के बाद CMHO ने एक्शन लिया। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर 110 किलो फीणी को नष्ट करवाया। CMHO ने कहा- मौके से सैंपल लिए गए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई करेंगे। पढ़ें पूरी खबर कल क्या होगा खास
10. पूर्व सरपंच मर्डर केस में गैंगस्टर लॉरेंस को सजा सुनाई जाएगी
सीकर में 9 साल पहले चुनावी रंजिश में पूर्व सरपंच सरदार राव मर्डर केस में गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई, सुभाष बराल समेत 11 दोषियों को गुरुवार को सजा सुनाई जाएगी। लॉरेंस गैंग के संपत नेहरा और अन्य बदमाशों ने पूर्व सरपंच को दिनदहाड़े गोलियों से भून डाला था।


