नवा खेड़ा गांव में बुधवार को बाल विवाह रोकथाम पर एक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। एसबीआई फाउंडेशन के सहयोग से आंचल चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा संचालित एसबीआई संजीवनी – क्लिनिक ऑन व्हील्स परियोजना के तहत आयोजित इस शिविर में कुल 108 ग्रामीणों ने सहभागिता की। कार्यक्रम के दौरान संस्था की टीम ने बाल विवाह के सामाजिक, शारीरिक और मानसिक दुष्परिणामों पर विस्तृत जानकारी दी। इसके साथ ही, ग्रामीणों को बाल विवाह से जुड़े कानूनी प्रावधानों, बालिका शिक्षा के महत्व और बच्चों के अधिकारों के बारे में भी जागरूक किया गया। शिविर में उपस्थित अभिभावकों को बाल विवाह न करने और समाज में इसके विरुद्ध आवाज उठाने की शपथ दिलाई गई। प्रतिभागियों ने विषय पर खुलकर संवाद किया और जागरूकता गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाई। यह जागरूकता शिविर बाल विवाह जैसी कुप्रथा के उन्मूलन और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।


