छतरपुर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र की सिंचाई कॉलोनी में एक 32 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका की पहचान कोमल यादव पत्नी दशरथ यादव के रूप में हुई है। बीते दिन कोमल यादव का शव उनके घर पर संदिग्ध हालत में मिला था। उनके पति दशरथ यादव उन्हें तत्काल छतरपुर जिला अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद महिला को मृत घोषित कर दिया। महिला की मौत के बाद से ही कई सवाल उठ रहे हैं। परिजनों और स्थानीय लोगों ने हत्या की आशंका जताई है। सूचना मिलने पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया और जांच शुरू कर दी है। बुधवार को जिला अस्पताल में मृतका का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है, जिससे मौत के कारणों का खुलासा होने की उम्मीद है। सिविल लाइन थाना प्रभारी सतीश सिंह ने बताया कि पति-पत्नी के बीच विवाद चल रहा था और पति अलग रह रहा था। पति ही महिला को अस्पताल लेकर पहुंचा था। उन्होंने पुष्टि की कि महिला की मौत संदिग्ध परिस्थितियों में हुई है। पुलिस फिलहाल हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। बुधवार को महिला का पोस्टमार्टम हो चुका है और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।


