अशोकनगर में बच्चों ने रोकी विधायक की गाड़ी:बोले- स्कूल 3 किमी दूर कर दिया, हम कैसे जाएं; MLA ने दिया आश्वासन

अशोकनगर के शंकरपुर मगरदा में बुधवार को स्कूली बच्चों ने स्थानीय विधायक हरिबाबू राय की गाड़ी रोककर अपनी पीड़ा सुनाई। बच्चों ने शिकायत की कि उनके गांव का शासकीय माध्यमिक विद्यालय सीएम राइज स्कूल में शिफ्ट कर दिया गया है, जो यहां से करीब 3 किलोमीटर दूर है। साधन न होने के कारण वे इतनी दूर नहीं जा पा रहे, जिससे उनकी पढ़ाई प्रभावित हो रही है। विधायक ने बच्चों की समस्या सुनकर तत्काल अधिकारियों से बात की और जल्द समाधान का भरोसा दिलाया। बच्चों ने विधायक को बताया कि उनके घर के पास संचालित होने वाला शासकीय माध्यमिक विद्यालय पिछले चार महीने से बंद पड़ा है। उन्हें अब सीएम राइज स्कूल में पढ़ने के लिए कहा जा रहा है, जो गांव से लगभग तीन किलोमीटर दूर स्थित है। बच्चों के मुताबिक, इतनी लंबी दूरी तय करने के लिए उनके पास कोई साधन नहीं है और वे रोज पैदल इतनी दूर नहीं जा सकते। इस कारण वे नियमित स्कूल नहीं जा पा रहे हैं, जबकि वे अपनी पढ़ाई जारी रखना चाहते हैं। विधायक ने अफसरों को लगाया फोन बच्चों की समस्या को गंभीरता से सुनते हुए विधायक हरिबाबू राय ने मौके से ही संबंधित अधिकारियों से फोन पर चर्चा की। उन्होंने अधिकारियों को स्थिति से अवगत कराया और निर्देश दिए। विधायक ने बच्चों को आश्वासन दिया कि इस समस्या का शीघ्र समाधान किया जाएगा, ताकि किसी भी बच्चे की शिक्षा बाधित न हो। बोले- बच्चों के भविष्य से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं विधायक ने कहा कि शिक्षा प्रत्येक बच्चे का मौलिक अधिकार है। उन्होंने जोर देकर कहा, “आदिवासी अंचल के बच्चों के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।”

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *