छत्तीसगढ़ शासन के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग ने मुंगेली जिले में धान खरीदी व्यवस्था में अनियमितता और लापरवाही पर बड़ी कार्रवाई की है। जिले के जिला खाद्य अधिकारी हुलेश डड़सेना को निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई धान खरीदी के दौरान शासन के निर्देशों और निर्धारित नियमों के उल्लंघन के आरोपों के आधार पर की गई है। जारी आदेश के अनुसार, हुलेश डड़सेना पर धान खरीदी केंद्रों में व्यवस्था में लापरवाही बरतने का आरोप है। उन्होंने खरीदी केंद्रों का नियमित निरीक्षण नहीं किया, मिलर द्वारा धान के उठाव की निगरानी नहीं की और उठाव किए गए धान की जांच भी नहीं की। यह निलंबन छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम 1966 के तहत किया गया है। निलंबन अवधि के दौरान डड़सेना का मुख्यालय नवा रायपुर स्थित खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग कार्यालय निर्धारित किया गया है। उन्हें निलंबन अवधि में नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता प्रदान किया जाएगा।


