डूंगरपुर में सागवाड़ा नगर पालिका में कांग्रेस के नरेंद्र खोड़निया को अध्यक्ष और सदस्य पद से निलंबित किए जाने के बाद उनकी नेम प्लेट हटा दी गई है। इसके साथ ही भाजपा के आशीष गांधी ने बुधवार को दोबारा अध्यक्ष पद का कार्यभार संभाल लिया। सागवाड़ा नगर पालिका में अध्यक्ष पद को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है। कांग्रेस के नरेंद्र खोड़निया 14 जनवरी को कोर्ट के आदेशों पर अध्यक्ष की कुर्सी पर बैठे थे। अगले ही दिन, 15 जनवरी को, दोनों दावेदारों ने खुद को अध्यक्ष बताते हुए एक ही कमरे में अपनी-अपनी कुर्सियां लगा ली थीं। हालांकि, राज्य सरकार ने 20 जनवरी को नरेंद्र खोड़निया को पट्टा आवंटन घोटाले के आरोप में एक बार फिर निलंबित कर दिया। इसके बाद बुधवार को अध्यक्ष के कमरे के बाहर से उनकी नेम प्लेट हटा दी गई। अध्यक्ष के कार्यकाल बोर्ड पर भी आशीष गांधी का नाम अंकित किया गया। स्वायत्त शासन विभाग ने वार्ड 21 के पार्षद और पूर्व अध्यक्ष आशीष गांधी को फिर से सागवाड़ा नगर पालिका अध्यक्ष नियुक्त करने के आदेश जारी किए थे। इन आदेशों के बाद आशीष गांधी आज नगर पालिका पहुंचे, जहां भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाएं पहनाकर उनका स्वागत किया और बधाई दी। इसके बाद उन्होंने अध्यक्ष की कुर्सी संभाली।


