चोरों ने रखी थी महाराजा-एक्सप्रेस के आगे लोहे की एंगल:ट्रेन की रोशनी दिखने पर ट्रैक पर छोड़कर भागे थे; 4 आरोपी गिरफ्तार

रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने विदेशी पर्यटकों को ले जा रही महाराजा एक्सप्रेस के आगे रेलवे ट्रैक पर कंक्रीट ब्लॉक और लोहे की एंगल रखे जाने के मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एंगल से सोमवार की रात गाड़ी संख्या 00240 महाराजा एक्सप्रेस टकराई थी। आरोपियों को रेलवे की लोहे की एंगल, पंड्रोल क्लिप और लाइनर चोरी कर ऑटो में ले जाते हुए पकड़ा गया। आरपीएफ के सीनियर डीएससी ओंकार सिंह ने बताया- 19 जनवरी, सोमवार को शिवदासपुरा थाना क्षेत्र में महाराजा एक्सप्रेस के आगे रेलवे ट्रैक पर कंक्रीट ब्लॉक और लोहे की एंगल से टकराने की घटना हुई थी। इस मामले में सिविल पुलिस थाना शिवदासपुरा में एफआईआर दर्ज की गई थी, जिसमें रेलवे अधिनियम की गंभीर धाराएं लगाई गई हैं। घटना को रेलवे परिचालन और यात्रियों की सुरक्षा के लिहाज से बेहद गंभीर माना गया है। ऑटो में रखा था चोरी का सामान
ओंकार सिंह ने बताया कि मामले की जांच के दौरान आरपीएफ पोस्ट दुर्गापुरा की टीम ने मुखबिरों से जानकारी जुटाई। इसी दौरान 21 जनवरी, बुधवार को घटनास्थल के पास एक ऑटो (RJ PG 2694) को रोका गया। ऑटो में 8 लोहे की एंगल, 15 पंड्रोल क्लिप और 13 लाइनर मिले, जो रेलवे की चोरी की संपत्ति थी। मौके पर चार लोगों को पकड़ा गया। ट्रेन की रोशनी दिखने पर ट्रैक पर छोड़ भागे थे एंगल
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान ललित मिश्रा (27), लालचंद पंचारिया (24), आकाश हरिजन (29) और सुगन सिंह मीणा (38) के रूप में हुई है। सुगन सिंह मीणा ऑटो चालक है। पूछताछ में ललित मिश्रा और लालचंद पंचारिया ने स्वीकार किया कि 19 जनवरी की रात करीब 10 बजे के बाद वे घटनास्थल पर पहुंचे थे। दोनों ने रेल लाइन के पास लगी एंगल को कंक्रीट सहित उखाड़ा और रेलवे ट्रैक पर तोड़कर रखा। ट्रेन की रोशनी दिखने पर वे चार एंगल वहीं छोड़कर मौके से भाग गए थे। यही एंगल महाराजा एक्सप्रेस से टकराई थीं। चारों आरोपियों के खिलाफ रेलवे एक्ट की धाराओं में कार्रवाई
सीनियर डीएससी ओंकार सिंह ने बताया- आरोपियों ने चोरी की वारदात करना कबूल कर लिया है। इसके बाद सिविल पुलिस थाना शिवदासपुरा में दर्ज मामले का भी खुलासा हो गया है और दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी की सूचना संबंधित थाने को भेज दी गई है। चारों आरोपियों के खिलाफ आरपीएफ पोस्ट दुर्गापुरा पर प्रकरण संख्या 3/26 दर्ज कर रेलवे एक्ट और आरपी (यूपी) एक्ट की धाराओं में कार्रवाई की जा रही है। सिविल पुलिस के मामले में भी आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। ओंकार सिंह ने बताया- रेलवे ट्रैक से छेड़छाड़ और रेल संपत्ति की चोरी सीधे यात्रियों की जान से जुड़ा मामला है। इस तरह की घटनाओं पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और जांच पूरी होने के बाद आगे की जानकारी साझा की जाएगी। लग्जरी ट्रेन में 21 विदेशी पर्यटक थे मौजूद
बता दें कि यह ट्रेन दिल्ली से आगरा होते हुए सवाई माधोपुर से जयपुर के दुर्गापुरा रेलवे स्टेशन आ रही थी। 23 कोच वाली इस लग्जरी ट्रेन में 21 विदेशी पर्यटक समेत कई ट्रेन कर्मचारी मौजूद थे। यह ट्रेन जयपुर से दिल्ली तीन दिन की ट्रिप पर सवाई माधोपुर से शाम 6 बजे रवाना होकर दुर्गापुरा आ रही थी। इस दौरान लगभग रात 11 बजे इस ट्रेन को रोकना पड़ा। ट्रैक पर ट्रेन 35 मिनट तक रुकी रही। ———- महाराजा एक्सप्रेस से जुड़ी ये खबर भी पढ़िए…
जयपुर-विदेशी पर्यटकों से भरी ट्रेन लोहे के टुकड़ों से टकराई:महाराजा एक्सप्रेस को बेपटरी करने की कोशिश, लग्जरी ट्रेन ट्रिप कर लौटी थी जयपुर में विदेशी पर्यटकों से भरी महाराजा एक्सप्रेस को पलटाने की साजिश नाकाम हो गई। अज्ञात लोगों ने रेलवे ट्रैक पर लोहे की एंगल रख दिए थे। लोको पायलट ने समय रहते ट्रेन रोक दी, जिससे बड़ा हादसा टल गया। पढ़ें पूरी खबर

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *