कोरबा | प्रदेश में एक साल पहले 19 जनवरी 2025 को नगरीय निकाय व पंचायत चुनाव से पहले बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारियों के तबादले हुए थे। इसमें रायपुर में पदस्थ एडिशनल एसपी (सिटी) लखन पटले कोरबा के नए एएसपी बनाए गए थे, लेकिन रायपुर में चुनाव और इसके बाद लगातार बड़े आयोजन के चलते वहां से पुलिस अधिकारियों ने उन्हें रिलीव नहीं किया था। इसकी वजह से 1 साल तक कोरबा एडिशनल एसपी की कुर्सी खाली थी। लंबे समय तक एएसपी नहीं होने से कार्य प्रभावित होने पर कटघोरा एएसपी नीतिश ठाकुर अतिरिक्त प्रभार संभाल रहे थे। अब रायपुर से रिलीव होने के बाद एएसपी पटेल कोरबा पहुंचे। शुक्रवार शाम उन्होंने अपना प्रभार संभाल लिया। इसके साथ ही शहर में पुलिसिंग में कसावट लगाने की कवायद में जुट गए। उन्होंने पहले ही दिन बैंक व एटीएम के लिए रकम लेकर चलने वाले कैश वैन बुलाकर वाहनों का निरीक्षण किया और चालकों से सुरक्षा के संबंध में जानकारी लेने के साथ ही जरूरी निर्देश भी दिए। वहीं सोमवार को एसपी सिद्धार्थ तिवारी के मार्गदर्शन और एएसपी पटले के निर्देशन में शहर में कबाड़ कारोबारियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई हुई। वहीं मंगलवार को शहर की यातायात व्यवस्था सुधारने पुलिस, प्रशासन व नगर निगम के संयुक्त टीम की बैठक के बाद व्यवस्था में बदलाव नजर आया। एएसपी लखन पटले कोरबा के 16वें एडिशनल एसपी है। प्रभार संभालने के बाद मंगलवार को पत्रकारों से चर्चा के दौरान उन्होंने कहा कि कोरबा औद्योगिक जिला है इस कारण यहां पुलिसिंग के लिए कई तरह की चुनौतियां भी है। उच्च अधिकारियों व कनिष्ठ अधिकारी-कर्मचारी के साथ तालमेल रखने के साथ ही मुखबिर नेटवर्क की मदद से पुलिसिंग को मजबूत की जाएगी। अपराधियों के खिलाफ कड़री कार्रवाई करते हुए जनसुरक्षा बढ़ाएंगे जिससे आमजन सुरक्षित रहें।


