भास्कर न्यूज | कोरबा जिला विकास समन्वय व निगरानी समिति (दिशा) की बैठक बुधवार को सांसद ज्योत्सना चरणदास महंत की अध्यक्षता में कलेक्टोरेट सभाकक्ष में हुई। सांसद महंत ने हाथी प्रभावित क्षेत्रों में आमजनों की सुरक्षा के लिए आवश्यक स्थानों में सोलर हाई मास्ट लाइट लगाने की दिशा में सकारात्मक प्रयास करने के निर्देश दिए। सांसद ने अधिकारियों को जिले में शिक्षा, स्वास्थ्य और जल जीवन मिशन के कार्य प्राथमिकता से पूर्ण करने निर्देशित किया। साथ ही कहा कि जिला प्रशासन शासन की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन करते हुए योजनाओं से हितग्राहियों को लाभान्वित किया जाए। बैठक में सांसद ने मेडिकल कॉलेज सह जिला अस्पताल में इलाज कराने आने वाले मरीजों को पर्याप्त सुविधा व्यवस्था उपलब्ध कराने निर्देशित किया। उन्होंने सभी स्वास्थ्य केंद्रों में चिकित्सकों व स्टॉफ की नियुक्ति, जरूरी उपकरण व दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा। सांसद ने पूर्व बैठक में दिए गए निर्देशों के पालन प्रतिवेदन की समीक्षा की। कलेक्टर कुणाल दुदावत ने बताया कि जर्जर स्कूल, आंगनबाड़ी के लिए नए भवन निर्माण की स्वीकृति दी जाएगी। स्कूलों में जरूरत के अनुसार अतिरिक्त कक्षा, प्रयोगशाला, पेयजल आपूर्ति के लिए पानी टंकी सुविधाओं की व्यवस्था की जाएगी। 200 मेधावी छात्रों की रायपुर में नीट, जेईई की तैयारी के लिए कोचिंग की व्यवस्था की गई है। खेल प्रतिभा को आगे बढ़ाने खेल सामग्री और सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। बैठक में एसपी सिद्धार्थ तिवारी, कोरबा डीएफओ प्रेमलता यादव, जिला पंचायत सीईओ दिनेश कुमार नाग, विभिन्न जनपदों और नगरीय निकायों के अध्यक्ष, विधायक प्रतिनिधि समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी व अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।


