भास्कर न्यूज | कथारा सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी और पूर्व विधायक डॉ. लंबोदर महतो की उपस्थिति में बुधवार को सीसीएल कथारा महाप्रबंधक कार्यालय के सभागार में प्रबंधन और ग्रामीण विस्थापितों के बीच सकारात्मक वार्ता हुई। वार्ता के बाद विस्थापितों का बेमियादी भूख हड़ताल समाप्त हो गया। सांसद, पूर्व विधायक, महाप्रबंधक संजय कुमार एवं बेरमो बीडीओ मुकेश कुमार ने भूख हड़ताल पर बैठे विस्थापितों को जूस पिलाकर अनशन तुड़वाया। यहां वार्ता में क्षेत्र के विभिन्न परियोजनाओं में संचालित आउटसोर्सिंग के कार्यों में 75% विस्थापितों को रोजगार से जोड़ने, कथारा क्षेत्र के लगभग 500 प्रभावित विस्थापितों के द्वारा पेप कार्ड बनाने को लेकर प्रबंधन को दिए गए आवेदनों पर सकारात्मक पहल करने, प्रबंधन द्वारा 30 पेप कार्ड जो निर्गत हो चुके हैं वह 1 फरवरी को विस्थापितों को वितरण करने, प्रबंधन द्वारा एक महीने का और समय देने पर सहमति बनी है। सांसद ने कहा कि पेप कार्ड बनने के बाद विस्थापितों की सभी समस्याओं का समाधान अब संभव हो सकेगा। इधर महाप्रबंधक ने विस्थापितों को आश्वासन दिया कि जीएम ग्राउंड एवं पार्क के पास सीसीएल प्रबंधन द्वारा शेड नुमा दुकान बनाकर पेप कार्डधारियों को रेंट पर दिया जाएगा।


