सेहत बीमा योजना का शुभारंभ आज, विधायक विधानसभा क्षेत्रों में करेंगे शुरुआत

भास्कर न्यूज | अमृतसर पंजाब सरकार राज्य के इतिहास की सबसे बड़ी स्वास्थ्य योजना की शुरुआत करने जा रही है। पंजाब के सभी विधायक अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्रों में इस योजना की शुरूआत करेंगे। वहीं शुक्रवार से वालंटियर घर-घर जाकर हेल्थ कार्ड बनाने के लिए रजिस्ट्रेशन करनी शुरू करेंगे। इस संबंध में जिला प्रशासन और सिविल सर्जन कार्यालय की ओर से इस लांचिंग के लिए प्रयास तेज कर दिए गए हैं। इस संबंध में कई बैठकों का दौर भी चल रहा है। इस संबंध में अमृतसर पूर्वी की विधायक जीवनजोत कौर ने बताया कि इस योजना की शुरूआत करने के बाद रोजाना वालंटियर लोगों के घरों में जाकर उनकी रजिस्ट्रेशन करेंगी और उसके बाद लोगों को बीमा कार्ड मुहैया कराए जाएंगे। आपको बता दें कि पहले इस योजना को 1 जनवरी के दिन लोगों को समर्पित किया जाना था। लेकिन इतने बड़े स्तर पर एक फैमिली का कार्ड बनाने के लिए पहले परिवार के सभी सदस्यों का पंजीकरण किया जाना जरूरी है। जिस कारण अब अमृतसर के करीब 600 कम्युनिटी सर्विस सेंटर (सीएससी) की टीमें इस काम की शुरूआत करेंगी। इसके लिए जहां ये टीमें सरकारी अस्पतालों में पंजीकरण की शुरूआत करेंगी, वहीं ग्रामीण स्तर पर सरपंचों और शहरी इलाकों में वार्ड के पार्षदों को इन टीमों के साथ जोड़ा गया है। इस बीमा योजना में पंजीकरण कराने के लिए परिवार के सभी सदस्यों के आधार कार्ड या वोटर कार्ड की जरूरत पड़ेगी। इसके अलावा कार्ड बनाने के लिए परिवार के सभी सदस्यों का बायोमेट्रिक भी लिया जाएगा। इतना ही नहीं, पंजीकरण के लिए परिवार के मुखिया का मोबाइल नंबर आधार कार्ड से लिंक होना जरूरी होगा, ताकि पंजीकरण करते समय आने वाले ओटीपी से पंजीकरण किया जा सके। गौरतलब है कि नई मुख्यमंत्री बीमा योजना मौजूदा आम आदमी पार्टी सरकार की एक बहुत बड़ी योजना है। सीएम भगवंत सिंह मान की ओर से दावा किया जा रहा है कि इस योजना के तहत हरेक परिवार को 10 लाख रुपए तक का मुफ्त इलाज उपलब्ध करवाया जाएगा। उनका दावा है कि इस योजना के शुरू होने से कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों से पीड़ित मरीजों को राहत मिलेगी और वे अपने नजदीकी अस्पतालों में अच्छा उपचार ले सकेंगे। बड़ी बात यह है कि इस योजना में न केवल सरकारी अस्पताल, बल्कि पूरे पंजाब में 2 हजार से अधिक निजी अस्पताल भी शामिल किए जाएंगे, जिससे रोगियों को व्यापक विकल्प मिलेंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *