गिरिडीह| पुलिस महानिरीक्षक सुनील भास्कर बुधवार को बरवाडीह के पुरानी लाइन स्थित सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कार्यालय का निरीक्षण करने पहुंचे। आईजी 11. 30 बजे कार्यालय पहुंचे, जहां एसपी डॉ. बिमल कुमार और सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी जीतवाहन उरांव ने उन्हें बुके देकर स्वागत किया। आईजी के सम्मान में एसपी द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर भी प्रस्तुत किया गया। गार्ड ऑफ ऑनर के बाद आईजी सीधे एसपी के साथ सदर एसडीपीओ कार्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने कांड की फाइल की जांच की। इस दौरान पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि वे कांड फाइलों की जांच करने आए हैं और सदर अनुमंडल क्षेत्र में अपराधिक कांडों की जांच की स्थिति, लंबित कांडों की संख्या तथा लंबित कांडों की जांच क्यों नहीं हो पाई, इस पर समीक्षा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पुरानी पुलिस लाइन भवन की स्थिति अच्छी नहीं है और भवन की मरम्मत के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। आईजी ने एसडीपीओ कार्यालय के निरीक्षण के बाद आगामी गणतंत्र दिवस की तैयारियों पर भी एसपी से विस्तृत चर्चा की।


