भास्कर न्यूज | नारायणपुर नशामुक्त भारत अभियान के अंतर्गत समाज कल्याण विभाग द्वारा ग्राम पंचायत गारपा में जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में ग्रामीणों, युवाओं एवं वृद्धजनों को नशा सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक और आर्थिक दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई। वक्ताओं ने नशे से दूर रहकर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा परिवार व समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझने पर जोर दिया। उपस्थितजनों को नशामुक्त समाज निर्माण का संकल्प दिलाया गया। इस दौरान पेंशन धारियों को भी अभियान से जोड़ा गया, ताकि वे समाज में सकारात्मक संदेश देकर नशा त्याग के लिए प्रेरित कर सकें। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।


