पंचायत कमेटी व जिला परिषद की टीम को बताईं कूड़ा डंप और सड़कों, स्ट्रीट लाइट की समस्या

भास्कर न्यूज | लुधियाना सतजोत नगर में पंचायत कमेटी और जिला परिषद टीम की ओर से इलाका निवासियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला परिषद सदस्य लखबीर कौर, प्रीत मोहिंदर सिंह तथा हरदीप सिंह चावला विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय निवासियों ने पहुंचकर अपनी समस्याएं सामने रखीं। चावला ने बताया कि जिला परिषद चुनावों के बाद यह पहली बैठक है, जिसमें इलाका निवासियों और जिला परिषद टीम ने आमने-सामने बैठकर चर्चा की। सबसे प्रमुख मांग कूड़े के डंप की व्यवस्था करना था। सतजोत नगर का इलाका काफी बड़ा होने के कारण यहां कूड़े की समस्या गंभीर बनी हुई है। स्थानीय लोगों ने बताया कि आसपास किसी भी स्थान पर कूड़ा फेंकने के लिए निर्धारित डंपिंग पॉइंट नहीं है, जिसके कारण लोग मजबूरी में खाली प्लॉट्स या सड़कों के किनारे कूड़ा फेंकने को मजबूर हैं। इससे गंदगी के साथ-साथ स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं भी बढ़ रही हैं। कई गलियों में खराब सड़कों और स्ट्रीट लाइट न होने की समस्या भी उठाई गई। लोगों ने बताया, अंधेरे के कारण शाम के समय आवाजाही में परेशानी होती है। इस मौके पर जिला परिषद सदस्य लखबीर कौर ने इलाका निवासियों को भरोसा दिलाया कि जिला परिषद की पूरी टीम मिलकर सभी समस्याओं का जल्द समाधान करेगी। उन्होंने कहा कि संबंधित विभागों से समन्वय कर कूड़ा डंप, सड़क और स्ट्रीट लाइट जैसी मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा। बैठक के अंत में सरपंच बावा, उषा सिंगला और परमिंदर सिंह ने संयुक्त रूप से जिला परिषद टीम का स्वागत किया और उन्हें सिरोपा डालकर सम्मानित किया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *