भास्कर न्यूज | रायगढ़ पूरे जिले के कबाड़ गोदामों पर बुधवार को बड़ी रेड की गई। गढ़उमरिया रोड स्थित मुन्ना कबाड़ी के गोदाम से सबसे ज्यादा अवैध स्क्रैप बरामद हुआ। छापेमारी के दौरान गोदाम का स्टाफ बोरिया-बिस्तर समेटकर भागने लगा, लेकिन पुलिस ने गोदाम को चारों तरफ से घेरकर अवैध कबाड़ जब्त कर लिया। पुलिस ने जिलेभर के छोटे-बड़े कबाड़ कारोबारियों की दुकानों और गोदामों में एक साथ कार्रवाई की। जांच में जेसीबी, ट्रैक्टर, मोटरसाइकिल और लोहे के कई बड़े पार्ट्स मिले। पुलिस ने बताया कि बरामद कबाड़ की कीमत अभी स्पष्ट नहीं है, लेकिन यह लाखों रुपए का माल है। दो दिन पहले एसपी दिव्यांग पटेल ने सभी थाना और चौकी प्रभारियों की क्राइम मीटिंग ली थी। बैठक में बढ़ते अपराधों और अवैध कारोबार पर रोक लगाने के निर्देश दिए गए थे। इन्हीं निर्देशों के तहत जिलेभर में एक साथ यह कार्रवाई की गई। जिलेभर में 25 पुलिस टीमों ने अलग-अलग कबाड़ ठिकानों पर छापा मारा। कार्रवाई में भारी मात्रा में अवैध स्क्रैप जब्त किया गया। कार्रवाई के कुछ दिन बाद शुरू हो जाता है कारोबार कबाड़ कारोबारियों पर समय-समय पर छापेमारी होती है, लेकिन कुछ दिन बाद अवैध कारोबार फिर शुरू हो जाता है। अधिकारियों का कहना है कि इसे पूरी तरह रोकना आसान नहीं है, क्योंकि कुछ लोग बार-बार पुराने तरीकों से कारोबार में लग जाते हैं। लगातार होगी कार्रवाई ^पुलिस अधीक्षक दिव्यांग पटेल ने कहा कि अवैध कबाड़ कारोबारियों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी है। जो भी इस अवैध धंधे में पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। आम जनता से अपील है कि अवैध वाहन या कबाड़ की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें।


