धान खरीदी में गड़बड़ी: प्रभारी को हटाया, ऑपरेटर निलंबित

भास्कर न्यूज | रायगढ़ धान उपार्जन केंद्र तमनार में धान खरीदी के दौरान गंभीर अनियमितता का मामला सामने आया है। जिला नोडल अधिकारी के प्रतिवेदन के अनुसार किशन चन्द्रमणी निवासी झिंकाबहाल धान बेचने उपार्जन केंद्र पहुंचा था। प्रारंभिक जांच में उसकी 85 बोरी धान अमानक पाई गई, जिसे अलग कर दिया गया। शेष मानक धान को ढालकर नमी मापी गई और बोरे में भरकर वजन कराया गया। जांच में कुल 383 बोरी धान का वजन सही पाया गया। समिति प्रबंधक को इसी मानक धान की खरीदी के निर्देश दिए गए थे। समिति द्वारा संधारित रजिस्टर और कंप्यूटर प्रविष्टियों की जांच में गंभीर गड़बड़ी उजागर हुई। समिति के कंप्यूटर ऑपरेटर ने किसान के नाम पर 662 बोरी धान की खरीदी दर्ज कर दी, जबकि वास्तविक रूप से केवल 383 बोरी धान ही खरीदी योग्य थी। इस तरह 279 बोरी धान की फर्जी खरीदी सामने आई, जो खाद्य, नागरिक आपूर्ति और उपभोक्ता संरक्षण विभाग के धान खरीदी संबंधी निर्देशों का स्पष्ट उल्लंघन है। मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी के निर्देश पर आदिम जाति सेवा सहकारी समिति मर्यादित तमनार के डाटा एंट्री ऑपरेटर अमित साव को धान खरीदी कार्य में गंभीर अनियमितता, लापरवाही और उदासीनता बरतने के कारण तत्काल निलंबित किया गया है। इसके साथ ही धान खरीदी केंद्र तमनार के फड़ प्रभारी हरेराम सिदार को लापरवाही पाए जाने पर धान खरीदी कार्य से तुरंत हटाने के निर्देश दिए गए हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *