भास्कर न्यूज | रामानुजनगर धान खरीदी के अंतिम दौर में प्रशासन द्वारा की जा रही सख्त कार्रवाई के तहत तहसीलदार ने अवैध धान परिवहन करते एक पिकअप वाहन को 70 बोरी धान के साथ पकड़कर जब्त कर लिया। इसके बाद वाहन और धान को आगे की कार्रवाई के लिए थाने के सुपुर्द कर दिया। तहसीलदार एमएस राठिया के नेतृत्व में राजस्व विभाग की टीम ने ग्राम पिवरी में पिकअप वाहन क्रमांक सीजी-15-डीएफ को रोककर जांच की। जांच के दौरान वाहन में 70 बोरी धान लदा हुआ पाया गया। जब वाहन चालक से धान से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे तो वह कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। पूछताछ में चालक ने बताया कि वह उक्त धान ग्राम मांजा से छिंदीया निवासी जगेश्वर सिंह के यहां लेकर जा रहा था। दस्तावेजों के अभाव में धान को अवैध मानते हुए पिकअप वाहन सहित जब्ती की कार्रवाई की गई।


