अमृतसर| आम आदमी पार्टी के जिला शहरी प्रधान प्रभबीर सिंह बराड़ ने कहा कि रंगला पंजाब बनाने के लिए पंजाब सरकार ने प्रदेश में गैंगस्टरों के खिलाफ 72 घंटे का बड़ा और प्रभावशाली अभियान ‘प्रहार’ शुरू किया है। इस ऑपरेशन के तहत पूरे पंजाब में 2,000 से अधिक पुलिस टीमों को तैनात कर गैंगस्टर नेटवर्क पर कड़ा प्रहार किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि डीजीपी पंजाब द्वारा साझा की गई जानकारी के अनुसार इस विशेष अभियान में 12,000 से अधिक पुलिस कर्मियों ने हिस्सा लिया और एक साथ 1,374 स्थानों पर छापेमारी की गई। इस दौरान कई गैंगस्टरों, उनके साथियों और आपराधिक नेटवर्क से जुड़े लोगों को काबू किया गया है। बराड़ ने कहा कि पंजाब सरकार और पंजाब पुलिस गैंगस्टरवाद, नशाखोरी और संगठित अपराध को जड़ से खत्म करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।


