भास्कर न्यूज | अमृतसर श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह ने जालंधर जिले के महल गांव में गुरुद्वारा साहिब में शरारती तत्वों द्वारा श्री गुरु ग्रंथ साहिब के पवित्र अंगों को फाड़कर की बेअदबी का कड़ा नोटिस लिसा। उन्होंने एसजीपीसी को इसकी जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने कहा कि श्री गुरु ग्रंथ साहिब हमारे जगत ज्योत गुरु हैं, जिनकी वजह से हमारा वजूद है, इसलिए हमें गुरु साहिब के मान-सम्मान से किसी भी तरह का समझौता नहीं करना चाहिए। उन्होंने कहा कि हमें यानि सिख कौम को गुरुद्वारा साहिब में हर समय सुरक्षा बनाए रखना और गुरु घर के प्रबंधकों को सुरक्षा को मजबूत और सुरक्षित बनाने की अपनी जिम्मेदारी समझनी चाहिए। उन्होंने सिख समुदाय से अपील की कि वे गुरुद्वारों में हर समय सिक्योरिटी बनाए रखें और सीसीटीवी कैमरे 24 घंटे चालू हालत में हों। जत्थेदार गड़गज्ज ने खुलासा किया कि शरारती तत्वों ने बीते दिन महल गांव के गुरुद्वारा साहिब में एक बच्चे से गुरु साहिब के पवित्र अंगों की बेअदबी करवाकर सिख भावनाओं को गहरी ठेस पहुंचाई है, जिससे कौम के मनों में बहुत गुस्सा है। जत्थेदार गडगज्ज ने कहा कि उन्होंने शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के मुख्य सचिव कुलवंत सिंहग मन्न व सचिव प्रताप सिंह से इस संबंधी बात कर इसे गंभीरता से लेते हुए इसकी जांच करवाने के आदेश दिए हैं। जत्थेदार गड़गज्ज ने गुरुद्वारा साहिबान में बेअदबी की घटनाओं को रोकने के लिए प्रबंधकों द्वारा किए गए प्रबंधों को नाकाफी व असंतोषजनक बताया है। शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रधान हरजिंदर सिंह धामी ने पंजाब सरकार से उक्त बेअदबी के मुख्य दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने को कहा है। धामी ने कहा कि सरकार बेअदबी की घटनाओं को गंभीरता से नहीं ले रही है। सरकार किसी भी केस में किसी भी दोषी के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं कर पाई है। धामी ने कहा कि पिछले कुछ बरसों में श्री गुरु ग्रंथ साहिब की बेअदबी की घटनाओं में लगातार बढ़ौतरी होनी चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि ताजा घटना में जालंधर के गांव माहला में पवित्र श्री गुरु ग्रंथ साहिब की बेअदबी सिख भावनाओं को सीधी चुनौती है।


