गोवर्धन विलास थाना क्षेत्र के नेला तालाब इलाके में मंगलवार देर रात 3 बदमाशों ने लोगों और पुलिस के नाक में भी दम कर दिया। बदमाशों ने पहले दो कारें चुराने की कोशिश की। लोग जागे तो पकड़े जाने के अंदेशे में पत्थर और शराब की बोतलें बरसाईं। पुलिस पहुंची तो कार लेकर तीनों भागे। हालांकि किस्मत ने साथ नहीं दिया और टायर फट गया। इस पर सभी तालाब में कूदकर फरार हो गए। हैरान करने वाली बात ये कि पुलिस महज 3-4 फीट पानी से भरे तालाब में 8 घंटे तक सर्च ऑपरेशन चलाती रही। एसआई अर्जुनलाल ने बताया कि रात के समय लक्ष्मण मीणा के मकान के बाहर कुछ बदमाश तेज रफ्तार से कार को बार-बार इधर-उधर दौड़ाते रहे। फिर एक कार चुराने का प्रयास किया। सिक्योरिटी अलार्म बज उठा। इस पर दूसरी कार को निशाना बनाया और उसके आगे-पीछे के कांच तोड़ दिए। यह शोर सुनकर आसपास के लोग जाग गए और शोर मचा दिया। इस पर बदमाशों ने पत्थर और शराब की बोतलें फेंककर दहशत फैलाई। सूचना मिलते ही पुलिस पहुंची तो तीनों बदमाश कार लेकर गीतांजलि रोड की ओर भाग निकले। पुलिस पीछे लगी रही। सवीना थाना पुलिस की मदद से उन्हें रोकने का प्रयास किया। तलाश करते-करते पुलिस गीतांजलि रोड पर रुंडेला तालाब पहुंची, जहां गुजरात नंबर की कार खड़ी मिली। इसका टायर फटा हुआ था। तीनों बदमाश गायब थे। वे तालाब में कूदे और दूसरी ओर निकलकर फरार हो गए। मामले में पुलिस के काम के तरीके पर सवाल तब उठे, जब सामने आया कि जिस तालाब में बदमाश कूदे थे, उसमें महज 3-4 फीट पानी था। फिर भी पुलिस ने सुबह 6:30 बजे सिविल डिफेंस और एसडीआरएफ को बुला लिया। इन टीमों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया, जो दोपहर 2:30 बजे तक चला। हालांकि इतनी मशक्कत के बाद भी पुलिस के हाथ खाली रहे।


