भास्कर न्यूज | बाड़मेर सुभाष नगर स्थित आदर्श विद्या मंदिर सांचौर में रक्षा योजना कार्यक्रम का आयोजन हुआ। सामाजिक कार्यकर्ता डॉ. रूमा देवी की मौजूदगी में शहर की 11 नन्हीं बेटियों को बेटी बचाओ – बेटी पढ़ाओं मिशन की ब्रांड एंबेसडर बनाया गया। रूमा देवी फाउंडेशन, महावीर शिक्षण संस्थान व भारत विकास परिषद के संयुक्त तत्वावधान में इन सभी बेटियों के नाम पर सुकन्या समृद्धि योजना के तहत 25-25 हजार रुपए की एफडी जमा करवाई गई है। इस मौके पर डॉ. रूमा देवी ने कहा कि बेटियों को बोझ नहीं समझा जाए। बेटा और बेटी के बीच का फर्क खत्म करना होगा। जैसे घर में बेटा होने पर खुशियां मनाई जाती हैं, वैसे ही बेटी होने पर भी उत्सव मनाना चाहिए। बेटे – बेटी में भेदभाव जैसी सामाजिक कुरीतियों को जड़ से मिटाना होगा। रक्षा योजना की शुरुआत रूमा देवी फाउंडेशन की ओर से 6 वर्ष पहले की गई थी। युगराज बाफना ने बताया कि सांचौर में यह मुहिम पिछले 3 साल से चल रही है। पहले 34 बेटियों को ब्रांड एंबेसडर बनाया गया था और आज 11 और बेटियों के जुड़ने से यह संख्या अब 45 हो गई है। भारत विकास परिषद के डॉ. उदाराम वैष्णव ने बताया कि इस मौके पर उन बेटियों के माता-पिता भी मौजूद रहे। जिन्हें पिछले साल ब्रांड एंबेसडर बनाया गया था।


