भास्कर न्यूज | जालंधर काला संघिया रोड पर हुए एक सड़क हादसे में घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। थाना भार्गव कैंप की पुलिस ने मामले में अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश तेज कर दी है। थाना प्रभारी इंस्पेक्टर मोहन लाल ने बताया कि न्यू सूराजगंज, भार्गव कैंप निवासी टिंकू कुमार अपनी बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान एक तेज रफ्तार अज्ञात गाड़ी ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि टिंकू सड़क पर गिरकर बुरी तरह लहूलुहान हो गया। स्थानीय लोगों ने उसे सिविल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन गहरे जख्मों के कारण इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया है। इंस्पेक्टर मोहन लाल के अनुसार, मृतक की पत्नी पिंकी के बयानों के आधार पर पुलिस ने अज्ञात गाड़ी चालक के खिलाफ बीएनएस की धारा 281, 106 और 324(4)(5) के तहत केस दर्ज कर लिया है। पुलिस घटनास्थल के आसपास स्थित दुकानों और घरों के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।


