भास्कर न्यूज | जालंधर बीएमसी चौक से गुरु नानक मिशन रोड पर एपीजे कॉलेज के पास एक होटल के बाहर खड़ी कार पर अचानक सूखा पेड़ गिर गया। इस हादसे में कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसा रात 11:30 के करीब हुआ। मिट्ठापुर के रहने वाले राघव ने बताया कि वह अपनी कार में सवार होकर एक निजी होटल में सजावट का काम करने पहुंचा था। राघव ने अपनी कार होटल के बाहर सड़क किनारे पार्क की और काम के लिए अंदर चला गया। कुछ समय बाद जब वह अपना काम निपटाकर वापस लौटा, तो एक सूखा पेड़ उसकी कार के अगले हिस्से पर गिरा हुआ था। राघव ने बताया कि हादसे में उसकी कार का अगला हिस्सा पूरी तरह पिचक गया। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि शहर में लगे सूखे और खतरनाक पेड़ों की पहचान कर उन्हें तुरंत हटाया जाए, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों से बचा जा सके।


