भास्कर न्यूज | कांकेर शहर को पानी सप्लाई करने वाली जलावर्धन योजना का फिल्टर प्लांट ग्राम दसपुर में बना है। फिल्टर प्लांट का वेस्ट वाटर किसानों के खेतों में पहुंच रहा है। सालभर पानी भरा होने से खेत दलदल में तब्दील हो रहे हैं। इससे किसानों की फसल को नुकसान हो रहा है। खेतों तक ट्रैक्टर, हार्वेस्टर आदि उपकरण नहीं पहुंच पा रहे हैं। किसानों के अनुसार फिल्टर प्लांट के वेस्ट वाटर से 200 एकड़ खेतों को नुकसान हो रहा है। खेतों को बचाने वेस्ट पानी की निकासी नाली बनाकर नदी में की जाए। ग्राम बागोड़ में महानदी पर बने इनटेक वेल से पानी दसपुर फिल्टर प्लांट पहुंचता है। यहां पानी को फिल्टर कर शहर में बनी चार टंकियों में पहुंचाया जाता है, जहां से पानी घरों में सप्लाई होता है। फिल्टर प्लांट का वेस्ट पानी खेतों में जा रहा है। जब फिल्टर प्लांट टंकी की सफाई होती है, तब तो बहुत ज्यादा पानी खेतों में जाता है। औसतन अब इन खेतों में खरीफ में 50 प्रतिशत फसल कम हो रही है। किसान अपने खेतों तक फसल बोनी के समय ट्रैक्टर, कटाई के समय हार्वेस्टर नहीं ले पा रहे हैं। रबी सीजन में कई किसान बोनी ही नहीं कर पा रहे हैं। जो किसान रबी बोनी करते हैं तो खेत में दलदल के कारण बीज सड़ जाते हैं। प्रभावित किसान नाथू कोर्राम ने कहा कि फिल्टर प्लांट के अतिरिक्त पानी से खेत पूरी तरह से डूब जाता है। इससे खेत में दलदल की स्थिति उत्पन्न होने से फसल को नुकसान हो रहा है। जगमोतीन निषाद ने कहा कि 20 डिसमिल खेत फिल्टर प्लांट के अतिरिक्त पानी से बर्बाद हो गया है। किसान लोकेश निषाद ने कहा कि एक एकड़ खेत खराब हो गया है। दसपुर को फायदा नहीं उल्टा नुकसान: 2021 से जलावर्धन योजना शुरू हुई लेकिन इसका पानी दसपुर के लोगों को नहीं मिल पा रहा है जबकि फिल्टर प्लांट दसपुर में ही है। उल्टे इसके वेस्ट वाटर से गांव के किसानों के खेत खराब हो रहे हैं। गांव की सड़क भी खराब हो चुकी है। अभी तक किसानों ने नहीं की शिकायत: नगरपालिका अध्यक्ष अरूण कौशिक ने कहा कि अभी तक किसानों ने इस संबंध में शिकायत नहीं की है। शिकायत मिलने पर जो भी समस्या है, उसका निराकरण करने का प्रयास किया जाएगा। सरपंच सूर्या नेताम, उप सरपंच मयाराम मरकाम ने कहा कि फिल्टर प्लांट के पानी को नाली बनाकर नदी में गिराना चाहिए। इससे जल स्तर भी बढ़ेगा। किसानों के हित में निर्णय नहीं लिया गया तो सड़क में उतर चक्काजाम करेंगे। घासीराम साहू, रामप्रसाद साहू, दशरथ साहू, लाकेश निषाद ने कहा कि फिल्टर प्लांट के वेस्ट वाटर का समाधान तत्काल किया जाए।


