हनुमानगढ़| राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरबीएसके) के तहत समीक्षात्मक बैठक जिला अस्पताल स्थित फिजियोथैरेपी हॉल में बुधवार को हुई। इसमें जिला प्रजनन एवं शिशु स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. सुनील विद्यार्थी ने आरबीएसके की प्रत्येक मोबाइल हेल्थ टीम के कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने सभी टीमों को गुणवत्तापूर्ण स्क्रीनिंग सुनिश्चित करने तथा रेफरल किए गए बच्चों का शत-प्रतिशत उपचार कराने के निर्देश दिए। डॉ. विद्यार्थी ने स्कूली विद्यार्थियों के लिए संचालित नि:शुल्क नेत्र जांच एवं चश्मा वितरण कार्यक्रम की जानकारी देते हुए प्रत्येक टीम को दृष्टि दोष से ग्रसित बच्चों की पहचान कर लाइन लिस्ट तैयार करने, नेत्र परीक्षण करवाने तथा समय पर चश्मा उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए। साथ ही प्रत्येक मोबाइल हैल्थ टीम को एचपीवी वैक्सीनेशन एवं पूर्ण टीकाकरण कार्यक्रम में सहयोग के लिए कहा। जिन ब्लॉकों में मोबाइल हैल्थ टीम कार्यरत नहीं है तथा केवल एएनएम कार्यरत हैं, वहां दृष्टि दोष जांच के लिए नेत्र सहायकों से समन्वय कर चश्मा वितरण कार्य योजना तैयार करने के निर्देश दिए। बैठक में बताया गया कि जिले में आगामी सप्ताह से रेफरल कैंपों का आयोजन किया जाएगा, जिसमें अधिकाधिक चिन्हित बच्चों के उपचार एवं सर्जरी योग्य बच्चों की सर्जरी करवाई जाएगी। खंड मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. कुलदीप बराड़ ने मोबाइल हैल्थ टीम को उपलब्ध उपकरणों से गुणवत्तापूर्ण स्क्रीनिंग पर विशेष जोर दिया। एडीएनओ आरबीएसके एवं डीईआईसी मैनेजर सुनील कुमार ने डिलीवरी प्वाइंट स्क्रीनिंग तथा पीसीटीएस पोर्टल पर अपडेट से संबंधित जानकारी दी। बैठक में बच्चों में टीबी व कुष्ठ रोग (लेप्रोसी) की पहचान एवं समय पर उपचार के संबंध में भी जानकारी दी गई।


