चंडीगढ़ हिट एंड रन केस में अनट्रेस्ड रिपोर्ट खारिज:कोर्ट ने पुलिस जांच पर उठाए सवाल; SSP की निगरानी में दोबारा जांच के आदेश

चंडीगढ़ के इंडस्ट्रियल एरिया थाना क्षेत्र में हुए एक हिट एंड रन हादसे में दर्ज एफआईआर को लेकर कोर्ट ने पुलिस जांच पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। कोर्ट ने पुलिस द्वारा दाखिल की गई अनट्रेस्ड रिपोर्ट (पता न लगने योग्य) को स्वीकार करने से इनकार करते हुए मामले में आगे की जांच के आदेश दिए हैं। साथ ही एसएसपी चंडीगढ़ को निर्देश दिए गए हैं कि वह इस मामले की जांच अपनी निगरानी में कराएं। मामले की फाइल देखने के बाद कोर्ट ने कहा कि पुलिस ने जांच ठीक से नहीं की। कोर्ट के मुताबिक, चंडीगढ़ जैसे शहर में, जहां लगभग हर चौराहे पर CCTV कैमरे लगे होते हैं, वहां कोई भी फुटेज न मिलना समझ से बाहर है। कोर्ट ने इसे जांच में लापरवाही करार देते हुए कहा कि बिना पर्याप्त प्रयास किए ही अनट्रेस्ड रिपोर्ट दाखिल कर दी गई। कोर्ट ने यह भी कहा कि FIR धारा 304A IPC के तहत दर्ज है, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हुई है और यह मामला गंभीर है। ऐसे में एसएसपी द्वारा भी रिपोर्ट को बिना उचित समीक्षा के आगे बढ़ाया गया, जो उचित नहीं है। कोर्ट ने पुलिस फाइल को आगे की जांच के लिए वापस भेजते हुए आदेश दिया कि मामले की दोबारा जांच की जाए। इस संबंध में आदेश की प्रति एसएसपी चंडीगढ़ को भी भेजी गई है। साथ ही पुलिस फाइल संबंधित थाने को भेजने और न्यायिक रिकॉर्ड को अलग कर रिकॉर्ड रूम में रखने के निर्देश दिए गए हैं। एफआईआर पंकज शर्मा के बयान पर दर्ज यह मामला IPC की धारा 279, 337 और 304A के तहत दर्ज किया गया था। केस की सुनवाई के दौरान मृतक इंदरजीत सिंह की पत्नी सीमा कौर कोर्ट में स्वयं उपस्थित हुईं। उन्होंने अपने बयान में बताया कि उनके पति की 19 मार्च 2022 को सड़क हादसे में मौत हो गई थी और इस संबंध में मृत्यु प्रमाण पत्र रिकॉर्ड पर रखा गया है। सीमा कौर ने यह भी कहा कि यह एफआईआर एक अज्ञात व्यक्ति पंकज शर्मा के बयान पर दर्ज हुई थी और अब पुलिस द्वारा अनट्रेस्ड रिपोर्ट दाखिल की जा रही है, जिस पर उन्हें कोई आपत्ति नहीं है। उनके आधार कार्ड की प्रति भी रिकॉर्ड पर ली गई। इलाज के दौरान इंदरजीत की मौत कोर्ट ने इससे पहले शिकायतकर्ता पंकज शर्मा का दर्ज बयान भी रिकॉर्ड पर लिया। पंकज शर्मा ने बताया कि 18 मार्च 2022 की रात करीब 10:15 बजे वह अपने दोस्त इंदरजीत सिंह के साथ एक्टिवा पर रायपुर कलां जा रहे थे। जब वे इंडस्ट्रियल एरिया फेज-1 स्थित पोल्ट्री फॉर्म के पास पहुंचे, तभी एक कैंटर की तरह वाहन ने उनकी एक्टिवा को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों घायल हो गए और एक अज्ञात व्यक्ति उन्हें GMCH-32 चंडीगढ़ लेकर गया। आरोपी वाहन मौके से फरार हो गया और अंधेरे के कारण वाहन का नंबर नोट नहीं किया जा सका। इलाज के दौरान इंदरजीत सिंह की मौत हो गई। पंकज शर्मा ने कहा कि पुलिस के प्रयासों के बावजूद वाहन और चालक का पता नहीं चल सका।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *