भास्कर न्यूज| महासमुंद बागबाहरा नगर के वार्ड-14 पोटरपारा में अज्ञात चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। चोरों ने घर के (रोशनदान) को तोड़कर भीतर प्रवेश किया और अलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवरात सहित नकदी पर हाथ साफ कर दिया। बागबाहरा पुलिस ने बताया कि पीड़ित विकास चंद्राकर ने शिकायत में बताया कि 19 जनवरी को ट्रक चलाने के लिए शहर से बाहर गया हुआ था। वहीं, उसकी मां अपने मायके आरंग गई हुई थी। घर पूरी तरह सूना था, जिसका फायदा उठाकर अज्ञात बदमाशों ने दीवार पर लगे झरोखे को तोड़ दिया और घर के भीतर दाखिल हो गए। घटना का खुलासा तब हुआ जब पीड़ित 20 जनवरी की रात लगभग 9 बजे काम से वापस घर लौटा। घर के भीतर का दृश्य देखकर उसके होश उड़ गए। अलमारी का ताला टूटा हुआ था और सारा सामान बिखरा पड़ा था। चोर ने सोने के जेवरात एक हार, एक जोड़ी झुमके और चार नग अंगूठी और चांदी के चार नग साटी और एक चांदी का करधन व नकदी 26,000 रुपये कुल अनुमानित लगभग 1 लाख 76 हजार रुपये चोरी कर ली। पीड़ित की शिकायत पर बागबाहरा पुलिस ने तत्काल संज्ञान लेते हुए अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 305(ए) और 331(4) के तहत मामला दर्ज कर लिया है।


