गुरदासपुर के गांव चोल चक्क में देर रात एक परिवार पर तेजाब से हमला किया गया। इस घटना में झोपड़ी में सो रही एक मां और उसका सात महीने का बच्चा बुरी तरह झुलस गए। अज्ञात हमलावर वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। यह घटना कस्बा घुमाण के पास स्थित गांव चोल चक्क में देर रात करीब 12 बजे हुई। परिवार के सदस्यों के अनुसार, पांच से छह अज्ञात व्यक्तियों ने उनकी झोपड़ी में घुसकर तेज़ाब फेंका। हमले में बशीर खान की बहू गग्गू (चांदी की पत्नी) और उनका सात महीने का पोता फरियाद (चांदी का पुत्र) गंभीर रूप से झुलस गए। दोनों को इलाज के लिए घुमाण के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दो मगों में तेज़ाब भरकर फेंका परिवार के सदस्य राज वली ने बताया कि हमलावरों ने दो मगों में तेज़ाब भरकर फेंका और फिर मग वहीं छोड़कर भाग गए। राहत की बात यह रही कि सर्दी के कारण परिवार के अधिकतर सदस्य मुंह ढककर सो रहे थे, जिससे बड़े जान-माल का नुकसान टल गया और ज्यादातर बिस्तर व कपड़े ही जले। पुलिस मामले की जांच कर रही इस संबंध में घुमाण पुलिस थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है। थाना प्रभारी गगनदीप सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायलों का इलाज कराया जा रहा है। परिवार के बयान दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


