प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मंगलवार को पार्वती-कालीसिंध-चंबल ईस्टर्न राजस्थान कैनाल प्रोजेक्ट (पीकेसी-ईआरसीपी) का शिलान्यास करने के लिए दादिया गांव आ रहे हैं। पीएम विजिट को देखते हुए रविवार को पुलिस कमिश्नर बीजू जॉर्ज जोसफ ने दादिया गांव में अधिकारियों की मीटिंग ली और यातायात व सुरक्षा व्यवस्था के दिशा-निर्देश दिए। आज एयरपोर्ट से दादिया गांव तक रिहर्सल होगी। रिहर्सल के दौरान इस मार्ग के यातायात को समानान्तर मार्गों से डायवर्ट किया जाएगा। एडिशनल कमिश्नर डॉ.रामेश्वर सिंह ने बताया कि पीएम विजिट के दौरान सुरक्षा व यातायात व्यवस्था के लिए 12 आईपीएस, 55 एडिशनल एसपी, 70 डिप्टी एसपी, 300 एसआई-एएसआई और 4 हजार जवान लगेंगे। इसके अलावा 11 आरएएसी की कंपनी तैनात होंगी। पीएम विजिट के दौरान एयरपोर्ट से दादिया गांव तक सभी बहुमंजिला इमारतों पर कमांडो तैनात होंगे। शहर में पीएम विजिट के चलते जयपुर पुलिस सहित कई सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं। संदिग्धों पर निगरानी रखी जा रही है। एयरपोर्ट और सभा स्थल के आस-पास होटल, धर्मशाला सहित अन्य सार्वजनिक स्थानों पर चेकिंग की जा रही हैं। पीएम की सभा में लाखाें की संख्या में भीड़ आने की संभावना के चलते पुलिस ने जयपुर आने वाले सभी मार्गों पर नाके लगाएगी। ताकि सभा में आने वाले वाहनों को बाहरी मार्गों से डायवर्ट कर सीधे सभा स्थल पर भेज सकेंगे।


