मुख्यमंत्री किसान सम्मान निधि की पांचवीं किश्त जारी:हनुमानगढ़ के 1.91 लाख किसानों को मिले 19.14 करोड़ रुपए

हनुमानगढ़ के करीब 1.91 लाख किसानों के खातों में मुख्यमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की पांचवीं किश्त के तहत एक-एक हजार रुपए जमा किए गए हैं। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने गुरुवार को सिरोही जिले में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम के दौरान यह किश्त जारी की, जिससे प्रदेशभर के पात्र किसानों को फायदा मिला। हनुमानगढ़ जिले में कुल 19.14 करोड़ रुपए की राशि वितरित की गई। इस योजना की पांचवीं किश्त जारी करने के लिए सिरोही में राज्य स्तरीय समारोह आयोजित किया गया था। हनुमानगढ़ में भी जंक्शन पर एक जिला स्तरीय कार्यक्रम हुआ, जहां सिरोही से हुए राज्य स्तरीय समारोह का सीधा प्रसारण दिखाया गया। हनुमानगढ़ केन्द्रीय सहकारी बैंक के प्रबंधक (प्रशासन) शैलेन्द्र गुप्ता ने बताया कि राज्य सरकार ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की तर्ज पर मुख्यमंत्री किसान सम्मान निधि योजना शुरू की है। इसका मुख्य उद्देश्य किसानों को बीज, खाद और कीटनाशक जैसी दैनिक कृषि जरूरतों के लिए आर्थिक सहायता प्रदान करना है, जिससे उनकी आत्मनिर्भरता बढ़े और खेती की लागत का बोझ कम हो सके। डिप्टी रजिस्ट्रार को-ऑपरेटिव अमीलाल सहारण ने जानकारी दी कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत किसानों को सालाना छह हजार रुपए मिलते हैं, जबकि मुख्यमंत्री किसान सम्मान निधि योजना में प्रतिवर्ष तीन हजार रुपए की सहायता दी जाती है। हनुमानगढ़ जिले में कुल 1 लाख 91 हजार 375 किसान इस योजना से लाभान्वित हो रहे हैं, जिनके खातों में लगभग 19.14 करोड़ रुपए की राशि हस्तांतरित की गई है। शैलेन्द्र गुप्ता ने यह भी बताया कि राज्य सरकार किसानों के हित में कई अन्य योजनाएं भी चला रही है। इनमें ग्राम सेवा सहकारी समितियों के माध्यम से कस्टम हायरिंग सेंटर स्थापित करना शामिल है, जहां किसानों को रियायती दरों पर आधुनिक कृषि यंत्र उपलब्ध कराए जाते हैं। इस योजना में अधिकतम 10 लाख रुपए तक के प्रोजेक्ट पर राज्य सरकार आठ लाख रुपए तक का अनुदान देती है, जबकि शेष राशि संबंधित समिति वहन करती है। जिला स्तरीय कार्यक्रम में अतिरिक्त जिला कलेक्टर उम्मेदीलाल मीना, एसडीएम मांगीलाल सुथार, भाजपा नेता अमित सहू, आशीष पारीक सहित कई अधिकारी, जनप्रतिनिधि और नागरिक मौजूद रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *