डूंगरपुर में मुख्यमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की पांचवीं किस्त वितरण और ग्राम उत्थान शिविर का जिला स्तरीय कार्यक्रम विजयाराजे सिंधिया ऑडिटोरियम में आयोजित हुआ। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा सिरोही में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह से वर्चुअली इस कार्यक्रम से जुड़े। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की पांचवीं किस्त के रूप में किसानों के खातों में राशि सीधे हस्तांतरित (डीबीटी) की। राज्यभर में 65 लाख किसानों के खातों में 653 करोड़ रुपए की राशि डीबीटी की गई। इसमें डूंगरपुर जिले के 1 लाख 52 हजार 600 किसानों को भी योजना का लाभ मिला, जिनके खातों में कुल 15 करोड़ 26 लाख रुपए हस्तांतरित किए गए। जिला स्तरीय कार्यक्रम में जिला कलेक्टर अंकित कुमार सिंह, भाजपा जिला अध्यक्ष अशोक पटेल, सभापति अमृतलाल कलासुआ, पूर्व मंत्री सुशील कटारा सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी और किसान शामिल हुए। इस अवसर पर अतिथियों ने डूंगरपुर जिले के किसानों और पशुपालकों को विभिन्न योजनाओं में चेक प्रदान कर लाभान्वित किया। प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना के तहत कच्चा पौंड (खेत तलाई निर्माण पर अनुदान) के लिए भंवरलाल पुत्र सोमा रोत और दिनेश चंद्र पुत्र हरीश चंद्र को प्रत्येक को 73 हजार 500 रुपए की राशि दी गई। सबमिशन एग्रीकल्चर मैकेनाइजेशन योजना के अंतर्गत कृषि यंत्र वितरण के तहत सीताराम यादव पुत्र नाथुराम यादव को 1 लाख 25 हजार रुपए और प्रकाश पुत्र भूरजी पाटीदार को 2 लाख 50 हजार रुपए का चेक प्रदान किया गया। इसी क्रम में राज्य सरकार व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा योजना के तहत कमूडी पत्नी मोहनलाल को 10 लाख रुपए का चेक देकर लाभान्वित किया गया। थानेश्वर वीजा घोघरा को सौर ऊर्जा की स्वीकृति प्रदान की गई, जबकि कांतिलाल, पूंजीलाल और शंकर, खातरा को फव्वारा योजना के अंतर्गत प्रत्येक को 9908 रुपए का अनुदान चेक के रूप में दिया गया।


